Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
सुल्तानपुरी थाना इलाके में एक महिला ने अपनी दोस्त के साथ विश्वासघात करते हुए मेहंदी लगाने का बहाना बनाकर उसके घर की चाबी चुरा ली और फिर भतीजे के साथ मिलकर लाखों रुपये की चोरी कर ली। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजेंद्र व उसकी चाची के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि शनिवार दोपहर 1 बजे से 5 बजे के बीच सुल्तानपुरी में एक महिला के घर से 3.20 लाख रुपये नकदी और सोने के जेवर (दो जोड़ी गोल्ड नेकलेस सेट, छह लेडीज गोल्ड रिंग, एक जेंट्स गोल्ड रिंग, एक गोल्ड चेन और एक जोड़ी पायल) चोरी हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक महिला को बुरखा पहने और एक व्यक्ति के साथ बैग लेकर जाते देखा गया। मंगलवार को गुप्त सूचना और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर ई-ब्लॉक क्षेत्र में छापा मारा गया। वहां राजिंदर को जेवर बेचने की कोशिश करते पकड़ा गया। पूछताछ में राजिंदर ने बताया कि उसकी चाची के कहने पर उसने चोरी का माल अपने घर में छिपा रखा था। पुलिस ने उसके घर से 1 लाख 95 हजार 500 रुपये नकदी और कुछ जेवर बरामद किए। इसके बाद राजेंद्र की चाची को भी गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से गहने बरामद कर लिए गए। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।




