Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
पश्चिमी दिल्ली के शिव नगर इलाके में बाहरी जिले के एएसआई पर चाकू से हमला कर दिया गया। आउटर जिले की एंटी-स्नैचिंग व बर्गलरी सेल की टीम दो चोरों को पकड़ने पहुंची थी। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर चाकू से हमला बोल दिया। इस हमले में एएसआई की आंख के ऊपर चोट आई है। एएसआई की पहचान विनोद के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान नांगलोई के बब्लू सिंह और धर्म सिंह के रूप में हुई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

पश्चिमी जिले के पुलिस अधिकारी ने बताया कि 10 अप्रैल को बाहरी जिले में एक चोरी का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले के चोरों को पकड़ने के लिए बाहरी जिले के एएसआई विनोद, हेड कांस्टेबल रवि, कांस्टेबल देवेंद्र और कांस्टेबल अभिषेक सुबह पांच बजे शिव नगर की गली नंबर पांच के एक मकान पर पहुंचे। यहां पर दोनों आरोपी चोरी की बाइक पर सवार थे। बाइक आदर्श नगर से चोरी की गई थी। जब पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो दोनों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। एएसआई विनोद को दाएं आंख के ऊपर चाकू लग गया। घायल होने के बावजूद पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को काबू में कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से चोरी की बाइक आदि सामान बरामद कर लिया है।




