Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 13 अप्रैल 2026:
IMT मानेसर में 9 अप्रैल को हुई हिंसक घटना के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों पर दंगा भड़काने, तोड़फोड़, आगजनी और श्रमिकों को उकसाने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब IMT मानेसर स्थित एक कंपनी की तीन शाखाओं में श्रमिक हड़ताल चल रही थी। इसी दौरान कुछ उपद्रवियों ने कंपनी परिसर और सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की, आगजनी की और कर्मचारियों व पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की। साथ ही जान से मारने की नीयत से पथराव भी किया गया। थाना सेक्टर-7 IMT मानेसर में इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
आकाश (रोहतक, हरियाणा)
हरीश चंद (पौड़ी गढ़वाल, उत्तराखंड)
पिंटू कुमार यादव (मधुबनी, बिहार)
राजू सिंह (उधम सिंह नगर, उत्तराखंड)
श्यामबीर (बदायूं, उत्तर प्रदेश)
अजीत सिंह (जींद, हरियाणा)
व्हाट्सएप चैट से साजिश का खुलासा: जांच के दौरान सामने आया कि इन आरोपियों ने व्हाट्सएप के जरिए योजना बनाकर श्रमिकों को उकसाया। कंपनियों को पेट्रोल बम से जलाने तक की साजिश रची गई थी।
बाहरी लोगों की भूमिका: पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अधिकांश आरोपी स्थानीय कंपनियों के कर्मचारी नहीं हैं। ये बाहरी लोग थे, जिन्होंने साजिश के तहत श्रमिकों को हिंसा के लिए भड़काया।
पुलिस की अपील: गुरुग्राम पुलिस ने श्रमिकों से अपील की है कि वे किसी भी बाहरी व्यक्ति के बहकावे में न आएं। यदि कोई माहौल बिगाड़ने या उकसाने की कोशिश करता है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।




