Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 13 अप्रैल। गुरुग्राम में आगामी मानसून को देखते हुए जलभराव की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने निर्देश दिए हैं कि सभी संबंधित विभाग 15 जून से पहले जरूरी प्रबंध पूरे कर लें, ताकि बारिश के दौरान शहरवासियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

सोमवार को लोक निर्माण Rest House में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में मंत्री ने कहा कि तय समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि 15 जून के आसपास दोबारा समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें तैयारियों का आकलन किया जाएगा।
बैठक में शहरी विकास से जुड़े विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की हिदायत देते हुए कहा कि बेहतर तालमेल से ही जलभराव जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान संभव है।
बैठक के दौरान जीएमडीए अधिकारियों ने जानकारी दी कि शहर के 9 जलभराव संभावित स्थानों पर तेजी से काम किया जा रहा है। इसके साथ ही करीब 160 किलोमीटर लंबी सरफेस ड्रेनों की सफाई जारी है। सेंट्रल वर्ज और ग्रीन बेल्ट को सडक़ स्तर से नीचे करने का कार्य भी किया जा रहा है, ताकि पानी का बहाव सुचारू बना रहे।
नरसिंहपुर क्षेत्र में जल निकासी को बेहतर बनाने के लिए कच्ची ड्रेन को पक्का किया जा रहा है। वहीं, इफ्को चौक, सिग्नेचर टावर चौक, राजीव चौक और हीरो होंडा चौक जैसे प्रमुख स्थानों पर ड्रेनेज कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है।
नगर निगम गुरुग्राम के अधिकारियों ने बताया कि सीवरेज से जुड़ी 40 समस्याग्रस्त जगहों की पहचान कर अधिकांश स्थानों पर कार्य पूरा कर लिया गया है। शेष स्थानों पर भी मानसून से पहले काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। शहर के विभिन्न पार्कों में स्थापित माइक्रो एसटीपी सुचारू रूप से संचालित हो रहे हैं, जिनके नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा, राजेंद्र पार्क क्षेत्र की वर्षों पुरानी सीवरेज समस्या के समाधान का कार्य अंतिम चरण में है, जिसे अप्रैल के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। शहर के 142 पार्कों में ट्रीटेड पानी की आपूर्ति शुरू हो चुकी है, जबकि अन्य स्थानों पर कार्य प्रगति पर है।
मंत्री ने नजफगढ़ ड्रेन, नरसिंहपुर और राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास जल निकासी के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।




