Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
दिल्ली के सीआर पार्क थाना इलाके के तारा अपार्टमेंट में शुक्रवार देर रात पिता पुत्र की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान राकेश सूद और उनके बेटे करण सूद के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिए हैं। इस हमले में घर का एक सदस्य घायल भी हुआ है। जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि यह हमला पड़ोसी ने पैसे के लेनदेन में किया। उसकी पहचान अरशद के रूप में हुई है। फिलहाल आरोपी फरार है। पुलिस ने केस दर्ज कर पड़ोसी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात सीआर पार्क थाना पुलिस को चाकूबाजी की जानकारी मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को मैक्स हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान पिता-पुत्र दोनों की मौत हो गई। घायल व्यक्ति की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए शवगृह में भिजवाए।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पैसों के लेन-देन को लेकर पड़ोसी से बहस को बताया जा रहा है। बहस इतनी बढ़ी की आरोपी अरशद ने पहले पिता पर हमला किया और जब उसका बेटा उसे बचाने आया तो उसे भी मौत के घाट उतार दिया। वहीं बीचबचाव में घर के एक सदस्य को भी चाकू लगा है। वारदात को अंजाम देने के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस ने मौके से सुबूत जुटा लिए हैं। अब पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।




