Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
गुड़गांव के सेक्टर 40 थाने के बाहर एक युवक ने बुधवार रात खुद पर पेट्रोल छिड़कर आत्महत्या कर ली। युवक ने पहले शराब पी, फिर दर्जन भर अलग-अलग गोली खाई और आखिर में खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। उसकी दिल्ली के एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान अंकित यादव के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के सीतापुर गांव का रहने वाला था और कैब चलाने का काम करता था। उसकी प्रेमिका भी उसी इलाके की रहने वाली थी।
परिजन के अनुसार, वह अपनी प्रेमिका से इस कदर प्यार करता था कि उसने उसका सारा खर्च उठाया था। उसने कभी सोचा भी नहीं था कि उसकी प्रेमिका उसके खिलाफ पुलिस को शिकायत भी दे देगी। पहले तो प्रेमिका ने उसके कमरे को छोड़कर दूसरा कमरा किराये पर लिया। फिर उसने उसे धोखा दिया और किसी बड़ी उम्र के आदमी के साथ रिलेशनशिप में आई। जब अंकित उसे, उसके लैपटॉप और सामान को अपने साथ ले जाने लगा तो प्रेमिका ने थाने में उसके खिलाफ झूठी शिकायत दे दी। जिसे उसने इतने प्यार से रखा था, जब उसने उसके खिलाफ पुलिस को शिकायत दी तो वह सहन नहीं कर पाया।
बहन ने दी भाई की प्रेमिका के खिलाफ शिकायत
अंकित की बहन दीपा यादव ने सेक्टर 40 थाने में युवती के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से वीडियो, ऑडियो और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं संबंधित अधिकारी की माने तो युवक थाने के अंदर नहीं गया था। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। युवती से भी पूछताछ की जाएगी।
सुसाइड से पहले बनाया वीडियो
अंकित ने आत्महत्या करने से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपनी प्रेमिका पर धोखा देने और थाने में झूठी शिकायत करने का आरोप लगाया। वीडियो में उसने साफ कहा कि वह उस स्टेज पर खड़ा है जहां मरने के अलावा कोई और रास्ता नहीं बचा है। लड़की ने उस पर झूठे आरोप लगाए हैं। वह उसे 3 साल से रखे हुए थे और उसका खर्चा उठा रहा थे। उसने उससे रुपये भी लिए हैं। यह वीडियो उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर डाला और परिवार वालों को भी भेज दिया।
20 दिन पहले पता चला था कि प्रेमिका धोखा दे रही है
करीब 20 दिन पहले अंकित को पता चला कि उसकी प्रेमिका का उम्र में काफी बड़े आदमी से अफेयर चल रहा है। इससे दोनों के बीच तीखी अनबन शुरू हो गई। 15 अप्रैल को अंकित गर्लफ्रेंड को चंडीगढ़ ले जाने के इरादे से कार लेकर सेक्टर-31 पहुंचा। उसने युवती का लैपटॉप आदि कुछ सामान अपनी कार में रख लिया। युवती बिफर गई और तुरंत सेक्टर-40 थाने में अंकित के खिलाफ परेशान करने और सामान चोरी करने की शिकायत दर्ज करा दी।
कभी नहीं पीता था शराब
थाने की ओर से अंकित को कॉल कर थाने बुलाया गया। जो अंकित कभी शराब नहीं पीता था, उसने थाने जाने से पहले शराब पी, दर्जन भर गोली खाई और थाने के पास पहुंचा। उसने कार थाने से 20 कदम दूर सड़क किनारे खड़ी कर दी। आखिर में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। उसकी चीखें सुनकर थाने की पुलिस और आसपास के लोग दौड़े। लोगों ने आग बुझाई और अस्पताल लेकर गए। इलाज के दौरान गुरुवार को उसकी मौत हो गई।





