Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
बाहरी दिल्ली के बवाना औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक निर्माणाधीन फैक्ट्री में बड़ा हादसा हो गया। औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-2 की पॉकेट-ए में बन रही फैक्ट्री का लेंटर अचानक ढह गया, जिससे नीचे काम कर रहे तीन मजदूर मलबे में दब गए। उन्हें निकालकर पास के अस्पताल ले जाया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह निर्माण अवैध तरीके से चल रहा था या वैध।

जानकारी के अनुसार हादसा दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ। फैक्ट्री के बेसमेंट में लेंटर डालने का काम चल रहा था। जैसे ही कंक्रीट डाला गया, सेटरिंग कमजोर पड़ने से पूरा लेंटर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने पुलिस को कॉल किया। सूचना मिलते ही दमकल, एनडीआरएफ और दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मलबा हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दो मजदूरों को स्थानीय लोगों ने पहले ही निकालकर महर्षि वाल्मीकि अस्पताल पहुंचा दिया था। तीसरे मजदूर को दमकल की टीम ने मलबे से बाहर निकाला। तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में लेंटर गिरने का मुख्य कारण सेटरिंग की कमजोरी माना जा रहा है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि निर्माण कार्य नियमों के अनुसार हो रहा था या नहीं। क्या सुरक्षा इंतजामों का पालन किया गया था, इसकी भी जांच की जा रही है।
तेज आवाज हुई और लेंटर नीचे गिर पड़ा
मौके पर मौजूद चश्मदीद जीशान ने बताया कि अचानक तेज आवाज हुई और पूरा लेंटर नीचे गिर पड़ा। आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। इसके बाद दो लोगों को बाहर निकाला गया।
टीम ने सभी को निकाला
दमकल कर्मी प्रवीन कुमार ने कहा कि टीम ने तुरंत मलबा हटाने का काम शुरू किया और घायलों को निकालने में सफलता मिली। अब मलबे में कोई नहीं दबा है। सभी को निकाल लिया गया। मामले में जांच जारी है।




