Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्लीः
जहांगीरपुरी इलाके में नाबालिग की ताबड़तोड़ चाकुओं से वार कर हत्या कर दी गई। जब उसका बड़ा भाई उसे बचाने के लिए आया तो आरोपियों ने उसे भी चाकू मारने की कोशिश की। भीड़ की वजह से वह भाई को चाकू नहीं मार पाए और भाग गए। मृतक की पहचान दक्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इंटीरियर डेकोरेटर का काम करने वाले रोहित राज ने पुलिस को कॉल कर जानकारी दी कि रात करीब पौने नौ बजे 17 साल का उनका छोटा भाई दक्ष जहांगीरपुरी सी ब्लॉक की मार्केट में अपने दोस्त गुलशन के साथ गया था। अचानक जे ब्लॉक मार्केट में कुछ लड़कों से उसकी बहस हो गई। दोस्त ने फोन पर बड़े भाई रोहित राज उर्फ राजू को बताया। राजू तुरंत मौके पर पहुंचा तो देखा कि दो लड़के उसके छोटे भाई दक्ष को चाकू से ताबड़तोड़ वार कर रहे थे। राजू ने भाई को बचाने की कोशिश की तो उन पर भी चाकू से हमला करने की कोशिश की। आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो दोनों हमलावर भाग खड़े हुए।
दक्ष को बीजेआरएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया और महिंद्रा पार्क थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने इस मामले में चार नाबालिगों को पकड़ लिया है। उनके पास से दो चाकू भी बरामद किए गए हैं। चारों आरोपी जहांगीरपुरी के ही रहने वाले हैं।
काफी लड़के चाकू रखते हैं जहांगीरपुरी में
बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब इस तरह की चाकूबाजी में नाबालिग की मौत हुई हो, इलाके में पहले भी छोटी-छोटी बातों पर चाकूबाजी के मामले सामने आते रहे हैं। युवाओं में चाकू रखने और छोटी बात पर मारपीट करने के मामले रोज सामने आते हैं। पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि लड़ाई की असली वजह क्या थी। क्या कोई पुरानी रंजिश थी या बहस की वजह से चाकू से वार किया गया था। पुलिस इस मामले में गिरफ्तार किए गए चारों नाबालिग से पूछताछ कर रही है।




