Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में अवैध कब्जों के खिलाफ हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की कार्रवाई लगातार जारी है। गुरुवार को HSVP एस्टेट ऑफिस-2, गुरुग्राम की सर्वे टीम ने सेक्टर 45 और सेक्टर 47 में बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा और ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में आकाशदीप मौजूद रहे।

सेक्टर 45 में विभाग की करीब 2 एकड़ जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। यह जमीन कन्हई गांव के रकबे में आती है। विभाग के अनुसार, इस जमीन के एक हिस्से पर स्कूल साइट प्लान प्रस्तावित है, जबकि शेष जमीन अनप्लांड है, जिसकी आगे प्लानिंग की जानी है। इसके साथ ही एक रेजिडेंशियल प्लॉट से भी अवैध कब्जा हटाया गया।

इस कार्रवाई का नेतृत्व एसडीओ अमित वशिष्ठ और जूनियर इंजीनियर मोईन खान ने किया। टीम ने मौके पर पहुंचकर विभागीय जमीन को कब्जामुक्त कराया।
वहीं, HSVP की दूसरी टीम ने सेक्टर 47 में भी अवैध कब्जों पर कार्रवाई की। इस टीम का नेतृत्व जूनियर इंजीनियर गौरव यादव ने किया। सेक्टर 47 में एकिया कंपनी के साथ लगती विभागीय जमीन से मुख्य कब्जा हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान विभाग के जूनियर इंजीनियर विकास सैनी, अमनदीप सिंह और रामपाल आर्य भी मौके पर मौजूद रहे और अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
HSVP की संपदा अधिकारी डॉ. अनुपमा मलिक ने अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विभागीय जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सेक्टरों में अवैध कब्जों को हटाने के लिए विभाग पूरी गंभीरता से काम कर रहा है और इस मामले में किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी।




