Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
हरियाणा के नूंह जिले में पुलिस और कथित गो-तस्करों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीछा कर एक पिकअप वाहन को पकड़ा, जिसमें 7 गोवंश भरे हुए थे। इस दौरान हुई फायरिंग में एक आरोपी घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, नूंह-तावडू सीआईए और फिरोजपुर झिरका थाना पुलिस की संयुक्त टीम को गो-तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोकने की कोशिश की। हालांकि, पिकअप चालक ने नाकाबंदी तोड़ दी और मौके से फरार होने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया। आरोप है कि पीछा किए जाने के दौरान तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान जमशेद पुत्र दीनू, निवासी भूतकावास धोलागढ़, राजस्थान के रूप में हुई है।
पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, मौके से 7 गोवंश, एक पिकअप वाहन और एक देशी कट्टा बरामद किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। बरामद गोवंश को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गोवंश को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




