Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में 15 जून से लागू होगी नई क्लस्टर और जोन व्यवस्था, नगर सेवाएं होंगी और बेहतर
गुरुग्राम, 12 जून। शहर में नगर सेवाओं को ज्यादा प्रभावी और तेज बनाने के लिए नगर निगम गुरुग्राम ने बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। निगम ने पूरे क्षेत्र को अब दो क्लस्टर और आठ जोन में बांटने का फैसला लिया है। यह नई व्यवस्था 15 जून 2026 से लागू होगी।

नगर निगम का कहना है कि इस बदलाव से अलग-अलग विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनेगा, लोगों की शिकायतों का जल्दी समाधान होगा और फील्ड स्तर पर अधिकारियों की जवाबदेही भी बढ़ेगी। इसके साथ ही सफाई, जल निकासी, संपत्ति कर और विकास कार्यों की निगरानी पहले से ज्यादा प्रभावी हो सकेगी।
ऐसे होगा नया प्रशासनिक ढांचा
नई व्यवस्था के तहत नगर निगम क्षेत्र को दो क्लस्टर और आठ जोन में विभाजित किया गया है।
क्लस्टर-1
– जोन-1: वार्ड 9, 10, 16 और 17
– जोन-2: वार्ड 11, 14, 15 और 18
– जोन-3: वार्ड 5, 6, 7, 33 और 34
– जोन-4: वार्ड 8, 28, 29, 30 और 32
क्लस्टर-2
– जोन-5: वार्ड 1, 2, 3, 4 और 36
– जोन-6: वार्ड 12, 13, 27, 31 और 35
– जोन-7: वार्ड 19, 20, 21 और 22
– जोन-8: वार्ड 23, 24, 25 और 26
नगर निगम का मानना है कि इस पुनर्गठन से संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल होगा और हर जोन में प्रशासनिक निगरानी मजबूत होगी।
जल्द जारी होंगे विस्तृत आदेश: निगम प्रशासन ने बताया कि क्लस्टरों और जोनों के प्रशासनिक अधिकार, अधिकारियों की तैनाती, रिपोर्टिंग सिस्टम और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अलग से विस्तृत आदेश जारी किए जाएंगे। तब तक सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूदा व्यवस्था के अनुसार काम करते रहेंगे।
तैयार किए जाएंगे नए मानचित्र: निगमायुक्त ने मुख्य नगर योजनाकार को क्लस्टर, जोन और वार्ड सीमाओं के विस्तृत मानचित्र तैयार करने के निर्देश दिए हैं। मंजूरी मिलने के बाद इन्हें निगम की सभी शाखाओं और फील्ड कार्यालयों में भेजा जाएगा। साथ ही नागरिकों की सुविधा के लिए निगम की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराया जाएगा।
क्या बोले निगमायुक्त: नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि गुरुग्राम के तेजी से बढ़ते विस्तार और नागरिकों की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए यह बदलाव जरूरी था। नई व्यवस्था से फैसले लेने की प्रक्रिया तेज होगी, अधिकारियों की जवाबदेही बढ़ेगी और लोगों को नगर निगम की सेवाएं अधिक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से मिल सकेंगी।




