Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए विशेष जांच अभियान शुरू किया है। इसी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ने अलग-अलग निर्माणाधीन साइटों और झुग्गी बस्तियों में कार्रवाई करते हुए 13 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है।

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई हितेश यादव के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर की। टीम ने कई संदिग्ध ठिकानों पर जांच अभियान चलाकर वहां रह रहे लोगों के दस्तावेज और पहचान की पड़ताल की।
जांच के दौरान 13 ऐसे लोगों की पहचान हुई, जो बांग्लादेश के नागरिक बताए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि इनके पास बांग्लादेश से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं।
प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि ये लोग कथित तौर पर कालियागंज बॉर्डर के रास्ते भारत में अवैध रूप से दाखिल हुए थे और गुरुग्राम में मजदूरी का काम कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि सभी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें डिपोर्ट किया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि जिले में किराए के मकानों, झुग्गी-झोपड़ियों, औद्योगिक क्षेत्रों, कॉलोनियों और होटलों में रहने वाले लोगों का सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा।
गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने किराएदारों, घरेलू सहायकों और कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन जरूर करवाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिक की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112 या नजदीकी थाने को सूचना दें।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि वैध दस्तावेजों के साथ रह रहे भारतीय और विदेशी नागरिकों को परेशान नहीं किया जाएगा। साथ ही, इस अभियान को लेकर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।




