Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
DLF फेज-3 में फिर गरजा बुलडोजर, स्टिल्ट पार्किंग से हटाए अवैध निर्माण, 4 गेस्ट हाउस सील
गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-3 में शुक्रवार को टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (DTCP) विभाग ने एक बार फिर रेस्टोरेशन, सीलिंग और अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। डीटीपीई अमित माधोलिया की अगुवाई में हुई इस कार्रवाई के दौरान स्टिल्ट पार्किंग में बने अवैध निर्माण हटाए गए, चार अवैध गेस्ट हाउस और कई कमर्शियल गतिविधियों पर सीलिंग की गई। साथ ही करीब 4.5 किलोमीटर राइट ऑफ वे (ROW) को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

यह अभियान डीएलएफ फेज-1 से फेज-5 तक चल रही कार्रवाई का तीसरा चरण है। विभाग इससे पहले भी फेज-3 में दो चरणों में अभियान चला चुका है। अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत की जा रही है।
स्टिल्ट पार्किंग से हटाए गए अवैध निर्माण: अभियान के दौरान कई मकानों की स्टिल्ट पार्किंग में बनाए गए अवैध कमरे, ड्राइंग रूम, सर्वेंट रूम और शौचालय हटाए गए।
कार्रवाई के तहत:
S-7/6 में स्टिल्ट का सर्वेंट रूम और शौचालय तोड़ा गया।
S-9/20 में स्टिल्ट में बना ड्राइंग रूम और शौचालय हटाया गया।
MA-82 में स्टिल्ट के तीन सर्वेंट रूम और शौचालय ध्वस्त किए गए।
S-7/15 के मालिक ने विभाग की कार्रवाई से पहले ही स्टिल्ट में बना ड्राइंग रूम हटाकर भवन को मूल स्वरूप में बहाल कर दिया।
चार अवैध गेस्ट हाउस समेत कई जगह सीलिंग: सीलिंग अभियान के दौरान अवैध गेस्ट हाउस और कमर्शियल गतिविधियों पर भी कार्रवाई की गई।
S-9/21-22 के बेसमेंट में चल रहे संजीव टंडन आर्किटेक्ट ऑफिस को सील किया गया।
T-1/1 में 15 कमरों वाले अवैध Town House (OYO) गेस्ट हाउस की पूरी इमारत सील कर दी गई।
SR-37 में 15 कमरों वाले Rivlet (TRIBO) गेस्ट हाउस के बेसमेंट ऑफिस को सील किया गया।
T-7/1 में Cadbury Company नाम से संचालित 14 कमरों वाले अवैध गेस्ट हाउस को पूरी तरह सील कर दिया गया।
T-2/10 में स्टिल्ट के पांच सर्वेंट रूम सील किए गए।
SR-47 में स्टिल्ट के तीन सर्वेंट रूम भी सील किए गए।
4.5 किलोमीटर सड़क किनारे से हटाया अतिक्रमण: रेस्टोरेशन अभियान के साथ विभाग ने डीएलएफ फेज-3 में करीब 4.5 किलोमीटर राइट ऑफ वे (ROW) को भी अतिक्रमण मुक्त कराया। लगभग तीन दर्जन से ज्यादा मकानों के बाहर सार्वजनिक जमीन पर बने गार्ड रूम, ग्रिल, चबूतरे, गमले, सजावटी ढांचे और अन्य अवैध कब्जे हटाए गए।
क्या बोले डीटीपीई अमित माधोलिया: डीटीपीई अमित माधोलिया ने कहा कि हाईकोर्ट के निर्देशों का पालन कराने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। स्टिल्ट पार्किंग में किए गए अवैध निर्माण, रिहायशी इमारतों में चल रही अवैध कमर्शियल गतिविधियों और सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी।




