Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम। सेक्टर-42 स्थित कैमेलियास अपार्टमेंट में महिला नौकरानी के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। वायरल वीडियो में एक महिला दूसरी महिला को जबरन रोककर उसके साथ मारपीट करती हुई नजर आ रही थी।

पुलिस के मुताबिक, 10 अगस्त को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में Twitter) पर वीडियो वायरल होने के बाद थाना सुशांत लोक पुलिस ने मामले का स्वत: संज्ञान लिया और वीडियो की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही घटना 24 जुलाई 2026 को कैमेलियास अपार्टमेंट, सेक्टर-42 में हुई थी।
मामले की जांच के बाद थाना सुशांत लोक में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 अगस्त को आरोपी महिला को जांच में शामिल किया। आरोपी की पहचान रुचिरा सचदेवा (52), निवासी कैमेलियास अपार्टमेंट, सेक्टर-42, गुरुग्राम के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मारपीट का शिकार हुई महिला आरोपी के घर में नौकरानी के तौर पर काम करती थी। बताया गया है कि काम को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद आरोपी महिला ने उसके साथ मारपीट की। नौकरानी 27 जुलाई को काम छोड़कर जा चुकी थी।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है और जांच अभी जारी है।




