Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम। अपराधियों और अवैध कब्जों के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में नाहरपुर रूपा इलाके में पुलिस ने गैंगस्टर कौशल चौधरी से जुड़े एक अवैध मकान को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। पुलिस के मुताबिक करीब 150 वर्ग गज जमीन पर अवैध तरीके से मकान का निर्माण किया गया था।

थाना सदर प्रभारी मोहन सिंह के मुताबिक, पुलिस को जानकारी मिली थी कि इस मकान का इस्तेमाल अवैध गतिविधियों और संगठित अपराध से जुड़े नेटवर्क को आगे बढ़ाने के लिए किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान गैंगस्टर के परिजनों की ओर से विरोध की कोशिश भी की गई, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई जारी रही और अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, कौशल चौधरी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में 60 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का यह भी कहना है कि अवैध तरीके से बनाए गए मकान से किराया भी वसूला जा रहा था।
यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच मानेसर ने संबंधित विभागों और प्रशासन के साथ मिलकर की। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मशीनों की मदद से मकान को पूरी तरह ध्वस्त किया गया और जमीन को खाली कराया गया।
पुलिस का कहना है कि अपराधियों से जुड़ी अवैध संपत्तियों और अवैध कब्जों की लगातार जांच की जा रही है। आदतन अपराधियों, भूमि माफिया और संगठित अपराध से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।




