Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: अप्पू घर के सामने मिले ऑटो चालक के शव की गुत्थी सुलझी, 2 आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम, 12 अक्टूबर। गुरुग्राम में सेक्टर-29 स्थित अप्पू घर के सामने झाड़ियों में मिले ऑटो रिक्शा चालक के शव के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, कंपनी में ऑटो चलाने का काम छूटने और आपसी रंजिश के चलते आरोपियों ने चालक की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को सेक्टर-29 पार्किंग के पास झाड़ियों में फेंक दिया गया था।

पुलिस को 9 अक्टूबर को अप्पू घर के सामने एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और सीन ऑफ क्राइम व फिंगरप्रिंट टीमों से घटनास्थल का निरीक्षण कराया। शव को पहचान और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए मोर्चरी में रखवाया गया था।
12 अक्टूबर को मृतक के भाई ने शव की पहचान अरविंद (52) के रूप में की। वह मूल रूप से मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के विरलानगर का रहने वाला था और फिलहाल गुरुग्राम के हीरानगर में रहकर ऑटो रिक्शा चलाता था। भाई की शिकायत पर सेक्टर-29 थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया।
काम छूटने से थी नाराजगी, गाली-गलौज भी बनी विवाद की वजह: पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश मंडल उर्फ मक्कड़ (37), निवासी दरभंगा, बिहार और गणेश कुमार उर्फ कल्लू (25), निवासी ग्वालियर, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। दोनों फिलहाल गुरुग्राम में रह रहे थे।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अरविंद, मुकेश के ऑटो रिक्शा को एक कंपनी में चलाता था। पुलिस का कहना है कि अरविंद के समय पर कंपनी के कर्मचारियों को लाने-ले जाने का काम नहीं करने के कारण मुकेश का कंपनी से काम छूट गया था। इसके अलावा, अरविंद कथित तौर पर मुकेश के साथ गाली-गलौज भी करता था। इन्हीं बातों को लेकर मुकेश उससे रंजिश रखने लगा था।
गला घोंटकर हत्या करने का आरोप: पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में 8 अक्टूबर को अरविंद की गला घोंटकर हत्या करने और शव को सेक्टर-29 पार्किंग के पास झाड़ियों में फेंकने की बात सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।




