Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में ड्रग्स तस्करी का मामला: मुठभेड़ के बाद चौथा आरोपी भी गिरफ्तार
गुरुग्राम में पुलिस मुठभेड़ के बाद पकड़े गए तीन आरोपियों का साथी गिरफ्तार, 136 ग्राम MDMA और हथियार बरामद; फायरिंग में दो आरोपी और एक पुलिसकर्मी हुए थे घायल।
गुरुग्राम, 14 अक्टूबर। गुरुग्राम में नशा तस्करी के एक मामले में पुलिस ने चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान कबीर के रूप में हुई है। वह पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बाली का रहने वाला है। आरोप है कि वह मुठभेड़ के बाद पकड़े गए तीनों आरोपियों को अवैध मादक पदार्थ सप्लाई करता था।

यह मामला 9 अक्टूबर की रात का है, जब गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने लूट की वारदात की फिराक में घूम रहे तीन हथियारबंद आरोपियों को मुठभेड़ के बाद पकड़ा था। इस दौरान आरोपियों की ओर से की गई फायरिंग में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया था। वहीं, पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी थी।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम पर की फायरिंग: पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर को अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम को सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति हथियारों के साथ लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद पुलिस ने नंगली उमरपुर से सेक्टर-62 की ओर जाने वाले रास्ते पर नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
रात करीब 11 बजे बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे बाइक लेकर भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने पीछा कर उन्हें घेर लिया। इस दौरान आरोपियों की ओर से चलाई गई एक गोली पुलिस वाहन पर लगी, जबकि दूसरी गोली एक पुलिसकर्मी की बाजू में लगी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो आरोपी घायल हो गए। इसके बाद तीनों को काबू कर लिया गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
136 ग्राम MDMA और हथियार बरामद: पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 136 ग्राम MDMA, एक पिस्टल, एक देशी कट्टा और एक खाली खोल बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान कुल नौ गोलियां चली थीं। इनमें छह गोलियां आरोपियों ने और तीन गोलियां पुलिस टीम ने चलाईं।
पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं तीनों आरोपी: पुलिस ने पकड़े गए तीन आरोपियों की पहचान मार्फत उर्फ मारू (32), फूल बाबू शेख (26) और श्रीकुल शेख (37) के रूप में की है। तीनों पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। मार्फत और फूल बाबू शेख के पैरों में गोली लगी थी।
पुलिस के अनुसार, फूल बाबू शेख के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में इनाम भी घोषित था। आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में मार्फत उर्फ मारू के खिलाफ लड़ाई-झगड़े, चोरी, जाली करंसी रखने और एनडीपीएस एक्ट समेत चार मामले मिले हैं। फूल बाबू शेख के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के दो और श्रीकुल शेख के खिलाफ एक मामला दर्ज है।
पूछताछ के बाद सप्लायर तक पहुंची पुलिस:
पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपियों को 11 अक्टूबर को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद गिरफ्तार किया गया। उनसे पूछताछ के दौरान नशा सप्लाई करने वाले आरोपी कबीर के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे 11 अक्टूबर को सेक्टर-62, गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मार्फत उर्फ मारू को 19 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया है। उससे पूछताछ कर मामले में आगे की जांच की जा रही है।




