Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में ट्रैफिक पुलिस की जांच के दौरान बिना दस्तावेजों के मिली मोटरसाइकिल, जांच में सामने आए 50 लंबित चालान; बिना हेलमेट, पॉल्यूशन और नंबर प्लेट से जुड़े उल्लंघन भी शामिल।
गुरुग्राम, 14 अक्टूबर। गुरुग्राम में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करना एक बाइक चालक को भारी पड़ गया। यातायात पुलिस ने जांच के दौरान एक ऐसी मोटरसाइकिल पकड़ी, जिस पर कुल 50 चालान लंबित थे। इन चालानों की कुल जुर्माना राशि 3 लाख 22 हजार 500 रुपये है। पुलिस ने मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा करा दिया।

गुरुग्राम यातायात पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर को CRPF चौक पर जोनल अधिकारी ASI संदीप अपनी टीम के साथ नियमित वाहन जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल को रोककर चालक से जरूरी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाया।
इसके बाद मोटरसाइकिल की जांच की गई तो पता चला कि उस पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत कुल 50 चालान लंबित हैं। इनकी कुल जुर्माना राशि 3,22,500 रुपये बताई गई है। इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने, प्रदूषण प्रमाण-पत्र से जुड़े उल्लंघन, बिना नंबर प्लेट और अन्य ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के चालान शामिल हैं।
लंबित चालानों को देखते हुए यातायात पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर दिया।
ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील: गुरुग्राम यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और अपने वाहन के जरूरी दस्तावेज अपडेट रखें। इनमें वैध बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र और अन्य आवश्यक कागजात शामिल हैं। पुलिस ने यह भी कहा कि लंबित चालानों का समय पर भुगतान करें, क्योंकि नियमों की अनदेखी से न केवल कानूनी कार्रवाई हो सकती है, बल्कि सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।




