Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: गुरुग्राम में करीब 2 करोड़ रुपये की लौंग चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 20 टन 900 किलोग्राम लौंग और वारदात में इस्तेमाल किए गए दो ट्रक बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लौंग से भरे ट्रक को गुरुग्राम में एक सुनसान जगह पर खाली करके माल दूसरे ट्रकों में भरकर ले गए थे। इसके बाद चोरी की गई लौंग को असम ले जाकर बेचने की योजना थी।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को 16 अक्टूबर को राठीवास स्थित पास्को फिटिंग सेंटर के पास से गिरफ्तार किया। फिलहाल मामले में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
नवी मुंबई से दिल्ली आ रही थी लौंग की खेप: पुलिस के अनुसार, ABC Express कंपनी के एक पदाधिकारी ने 14 अक्टूबर को थाना सेक्टर-10 में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि कंपनी के माध्यम से महाराष्ट्र के न्हावा शेवा से दिल्ली भेजी जा रही लौंग की 500 बोरियां रास्ते से गायब हो गईं। इस खेप की कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई गई।
शिकायत के मुताबिक, 11 अक्टूबर को ट्रक चालक को माल पहुंचाने के पते की जानकारी दे दी गई थी, लेकिन तय जगह पर लौंग नहीं पहुंची। कंपनी के कर्मचारियों ने चालक से संपर्क करने की कोशिश की तो उसके दोनों मोबाइल फोन बंद मिले।
इसके बाद ट्रक की तलाश की गई। ट्रक बावल के पास रॉयल पेपर होटल के नजदीक खाली हालत में खड़ा मिला। GPS लोकेशन की जांच में पता चला कि 12 अक्टूबर की रात ट्रक गुरुग्राम के सेक्टर-93 इलाके में था। वहां जांच करने पर लौंग बिखरी हुई मिली और बोरियों पर लगे मार्किंग लेबल भी मिले। इससे माल को वहां उतारकर दूसरे ट्रकों में भरने की बात सामने आई।
सेक्टर-88/89 में खाली किया था ट्रक: मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा बिलासपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान मनन निवासी रानियाला पटकपुर, जिला नूंह, जुनैद निवासी गांव बिछोर, जिला नूंह और अजीज निवासी बिलपतरी, जिला बारपेटा, असम के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने गुरुग्राम के सेक्टर-88/89 इलाके में एक सुनसान जगह पर लौंग से भरा ट्रक खाली किया था। इसके बाद लौंग को दो अन्य ट्रकों में भरकर वहां से ले जाया गया।
पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल किया गया एक ट्रक मनन का है, जबकि जुनैद उस ट्रक पर चालक के तौर पर काम करता था। वहीं, अजीज की भूमिका चोरी की लौंग को बिकवाने में बताई जा रही है। आरोपियों की योजना माल को असम ले जाकर बेचने की थी।
20 टन 900 किलो लौंग और दो ट्रक बरामद: गुरुग्राम पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 20 टन 900 किलोग्राम लौंग और वारदात में इस्तेमाल किए गए दो ट्रक बरामद किए हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों को आगे की पूछताछ के लिए अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जाएगी। मामले की जांच जारी है।




