Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कारों को मारी टक्कर, चालक गिरफ्तार
गुरुग्राम, 17 अक्टूबर 2026। गुरुग्राम के सेक्टर-83 स्थित इंडिया नेक्स्ट के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से कई कारों को टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि हादसे के बाद चालक ने शिकायतकर्ता महिला और उनके परिजनों के साथ बदसलूकी और मारपीट भी की।

पुलिस के मुताबिक, 15 अक्टूबर को खेड़की दौला थाने में एक महिला ने शिकायत दी थी। महिला ने बताया कि 14 अक्टूबर की रात करीब 9:20 बजे वह अपने पति और सास के साथ कार में जा रही थीं। इसी दौरान इंडिया नेक्स्ट, सेक्टर-83 के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
महिला का आरोप है कि जब उन्होंने स्कॉर्पियो चालक से बात करने की कोशिश की, तो वह नशे की हालत में दिखाई दिया। इसके बाद उसने उनके साथ बदसलूकी की और मारपीट भी की।
44 वर्षीय आरोपी गुरुग्राम का रहने वाला: शिकायत के आधार पर खेड़की दौला थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 16 अक्टूबर को आरोपी चालक को जांच में शामिल किया। आरोपी की पहचान चंद्रशेखर अग्रवाल (44) निवासी वाटिका इंडिया नेक्स्ट, सिकंदरपुर, गुरुग्राम के रूप में हुई है।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो को भी अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।




