Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में MCG की बड़ी कार्रवाई, 8 RMC प्लांट तोड़े
गुरुग्राम में प्रदूषण के खिलाफ नगर निगम का एक्शन, भोंडसी, दौलताबाद, धूमसपुर और मैदावास में हुई कार्रवाई
गुरुग्राम, 27 अक्टूबर। गुरुग्राम में प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए नगर निगम (MCG) ने बड़ी कार्रवाई की है। निगम की अलग-अलग टीमों ने मंगलवार को चार क्षेत्रों में अभियान चलाकर 8 रेडी मिक्स कंक्रीट (RMC) प्लांट तोड़ दिए। यह कार्रवाई भोंडसी, दौलताबाद, धूमसपुर और मैदावास इलाके में की गई।

तीन टीमों ने संभाला मोर्चा: नगर निगम की टीमों ने अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर RMC प्लांटों के खिलाफ कार्रवाई की। सहायक अभियंता आशीष हुड्डा के नेतृत्व में टीम ने रिठोज रोड और जेल रोड पर 2 प्लांट तोड़े।
वहीं, सहायक अभियंता हरिप्रकाश की टीम ने दौलताबाद में 4 RMC प्लांटों को ध्वस्त किया। इसके अलावा, संयुक्त आयुक्त सपना यादव के नेतृत्व में जेई कपिल की टीम ने धूमसपुर और मैदावास में 2 प्लांटों पर कार्रवाई की। इस तरह एक ही दिन में कुल 8 RMC प्लांटों को तोड़ा गया।
प्रदूषण रोकने के लिए अभियान जारी: RMC प्लांटों से जुड़े नियमों का पालन कराना और निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल व वायु प्रदूषण को कम करना इस कार्रवाई का अहम मकसद है। शहर में प्रदूषण की समस्या को देखते हुए नगर निगम अलग-अलग क्षेत्रों में निरीक्षण और कार्रवाई कर रहा है।
नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया के अनुसार, प्रदूषण पर नियंत्रण और शहर में स्वच्छ वातावरण बनाए रखना निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




