Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: AIT चौक पर आज रात ट्रैफिक डायवर्ट, जानें रूट
गुरुग्राम: सेक्टर 54-55 स्थित AIT चौक पर आज रात पानी की पाइपलाइन की मरम्मत के चलते ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। MCG की ओर से यह काम 27 अक्टूबर 2026 की रात 10 बजे से 28 अक्टूबर की सुबह 4 बजे तक किया जाएगा। इस दौरान वाहन चालकों को बदले हुए रूट से गुजरना होगा।

दरअसल, AIT चौक पर जमीन से करीब 8 फीट नीचे बिछी पानी की पाइपलाइन में लीकेज हो गया है। इसके कारण बड़ी मात्रा में पीने का पानी बर्बाद हो रहा है और मुख्य सड़क पर पानी जमा हो गया है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है और ट्रैफिक की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।
पानी की बर्बादी रोकने और सड़क पर किसी तरह के नुकसान से बचने के लिए MCG ने पाइपलाइन की मरम्मत का फैसला लिया है।
इन रास्तों से गुजरेंगे वाहन
1. सेक्टर 54 मेट्रो स्टेशन की तरफ से आने वाले वाहन: वाहन चालक AIT चौक के गोल चक्कर पर U-टर्न न लें। उन्हें करीब 100 मीटर आगे जाकर U-टर्न लेना होगा। इसके बाद वजीराबाद की तरफ जाने वाली सर्विस रोड से होते हुए CNG पंप के पास बने कट से दोबारा U-टर्न लेकर जेनपैक्ट चौक की ओर जाना होगा।
2. घाटा पावर हाउस की तरफ से आने वाले वाहन: इस तरफ से आने वाले वाहन AIT चौक के गोल चक्कर पर जाने के बजाय वजीराबाद की तरफ वाली सर्विस रोड का इस्तेमाल करें। इसके बाद CNG पंप के पास बने कट से U-टर्न लेकर जेनपैक्ट चौक की ओर जा सकेंगे।
वाहन चालक रखें ध्यान
ट्रैफिक डायवर्जन 27 अक्टूबर की रात 10 बजे से 28 अक्टूबर की सुबह 4 बजे तक लागू रहेगा। इस दौरान वाहन चालक बदले हुए रूट का इस्तेमाल करें और सड़क पर लगे ट्रैफिक संकेतों का पालन करें, ताकि उन्हें जाम या किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।




