Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में महिला से बदसलूकी और जान से मारने की धमकी, Uber ड्राइवर गिरफ्तार
गुरुग्राम: दिल्ली एयरपोर्ट से गुरुग्राम तक बुक की गई Uber राइड के दौरान एक महिला से बदसलूकी करने और उसे जान से मारने की धमकी देने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। महिला की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किए गए पोस्ट का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने खुद मामला दर्ज किया और तकनीकी मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, FIR दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को पकड़ लिया गया।

बिल से ज्यादा पैसे मांगने पर हुआ विवाद: गुरुग्राम पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान X पर एक महिला की पोस्ट सामने आई थी। पोस्ट में महिला ने बताया था कि उसने दिल्ली एयरपोर्ट से गुरुग्राम आने के लिए Uber राइड बुक की थी। गुरुग्राम में ड्रॉप किए जाने के बाद ड्राइवर ने उससे बिल में दर्ज रकम से ज्यादा पैसे मांगे।
महिला ने जब अतिरिक्त पैसे देने से मना किया तो आरोप है कि ड्राइवर ने उसके साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी भी दी। मामला सामने आने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने X के जरिए महिला से संपर्क करने की कोशिश की, ताकि घटना के संबंध में जरूरी जानकारी जुटाई जा सके।
सोशल मीडिया पोस्ट पर पुलिस ने दर्ज की FIR: पुलिस ने मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए शिकायत से जुड़े तथ्यों के आधार पर पालम विहार थाने में FIR दर्ज की। इसके बाद तकनीकी सहायता के जरिए आरोपी ड्राइवर की पहचान की गई और उसके बारे में जानकारी जुटाई गई।
आरोपी को पकड़ने के लिए थाना पालम विहार पुलिस और क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, FIR दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
Uber पर दूसरे नाम से बनाई थी आईडी: गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान यासिर (26) पुत्र इलियास, निवासी गांव घासेड़ा, जिला नूंह के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने Uber प्लेटफॉर्म पर अपनी आईडी जमील जाहिद खान के नाम से बनाई हुई थी। पुलिस अब इस मामले में आरोपी से विस्तार से पूछताछ कर रही है। साथ ही, मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस ने दिया सख्त कार्रवाई का संदेश: गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर सामने आने वाली ऐसी शिकायतों पर भी कार्रवाई की जाएगी, जिनमें महिलाओं के साथ बदसलूकी, धमकी या किसी अन्य तरह के दुर्व्यवहार की बात सामने आती है।
पुलिस ने कहा कि महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में भी सोशल मीडिया पोस्ट का संज्ञान लेकर FIR दर्ज करने से लेकर आरोपी की गिरफ्तारी तक तेजी से कार्रवाई की गई।




