Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: कच्चे तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चियों की मौत, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
गुरुग्राम के फाजिलपुर में दर्दनाक हादसा, नहाने गईं 12 साल की दो बच्चियां गहरे पानी में डूबीं; अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
गुरुग्राम में एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चियों की जान चली गई। सेक्टर-71 के फाजिलपुर इलाके में एक कच्चे तालाब में डूबने से करीब 12 साल की दो बच्चियों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चियां तालाब में नहाने के लिए गई थीं। इसी दौरान वे गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मौके पर मौजूद लोगों और सुरक्षा कर्मियों ने दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। वहीं, तालाब के आसपास सुरक्षा के इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबीं दोनों बच्चियां: जानकारी के मुताबिक, हादसा 10 नवंबर को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे से 1 बजे के बीच हुआ। फाजिलपुर इलाके में रहने वाली दोनों बच्चियां नहाने के लिए कच्चे तालाब में पहुंची थीं। बताया जा रहा है कि नहाते समय दोनों अचानक गहरे पानी में चली गईं और खुद को संभाल नहीं पाईं। जब आसपास मौजूद लोगों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने सुरक्षा कर्मियों की मदद से दोनों बच्चियों को तालाब से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तुरंत सेक्टर-10 स्थित अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
तालाब के चारों तरफ नहीं थी पक्की चारदीवारी: दोनों बच्चियों की मौत के बाद तालाब के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। बच्चियों के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि तालाब के चारों तरफ कोई पक्की चारदीवारी नहीं बनाई गई थी। वहां केवल लोहे की टीन लगाकर घेराबंदी की गई थी, लेकिन बीच में खाली जगह छोड़ी गई थी। इसी वजह से बच्चों का तालाब तक पहुंचना आसान था।
पिता का आरोप है कि अगर तालाब के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होते और रास्ते को पूरी तरह बंद किया गया होता तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था। उन्होंने इस मामले में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मौके पर पहुंची पुलिस, जुटाए गए साक्ष्य: घटना की सूचना ERV-272 के जरिए मिलने के बाद गुरुग्राम पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां तैनात सुरक्षा गार्ड से भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। मामले की जांच के लिए सीन ऑफ क्राइम टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से बच्चियों के कपड़े और तालाब के पानी के नमूने समेत जरूरी साक्ष्य जुटाए।
इसके बाद पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मामले में जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ ही शिकायत और मौके पर मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
BNS की धाराओं में केस दर्ज, लापरवाही की जांच शुरू: बच्चियों के पिता की शिकायत के आधार पर 10 नवंबर को थाना बादशाहपुर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि तालाब के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए थे और इस मामले में किसकी लापरवाही रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस हादसे ने एक बार फिर खुले तालाबों और जलभराव वाली जगहों के आसपास सुरक्षा इंतजामों की जरूरत को लेकर चिंता बढ़ा दी है।




