Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में प्रदूषण फैलाने वाले 5 निर्माण स्थल सील, उद्योग विहार में 3 पर कार्रवाई
गुरुग्राम में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच धूल नियंत्रण के नियमों की अनदेखी करने वाले निर्माण स्थलों पर हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (HSPCB) ने कार्रवाई की है। बोर्ड की टीम ने नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर शहर के पांच निर्माण स्थलों को सील कर दिया। इनमें से तीन निर्माण स्थल उद्योग विहार इलाके में हैं। जांच के दौरान इन साइटों पर धूल रोकने के जरूरी इंतजाम नहीं मिले। इसके अलावा डस्ट पोर्टल से जुड़े नियमों का भी पालन नहीं किया जा रहा था।

एचएसपीसीबी के क्षेत्रीय कार्यालय गुरुग्राम (उत्तर) की टीम ने यह कार्रवाई निरीक्षण के दौरान सामने आई अनियमितताओं के आधार पर की। अधिकारियों के मुताबिक, निर्माण स्थलों पर वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना जरूरी है। लेकिन जांच में पांचों निर्माण स्थलों पर इन नियमों की अनदेखी सामने आई।
उद्योग विहार में तीन निर्माण स्थल सील: एचएसपीसीबी के एईई कामेश ने बताया कि निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थलों पर सीएक्यूएम के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन पाया गया। इसके साथ ही संबंधित साइटों की ओर से बोर्ड के डस्ट पोर्टल पर जरूरी जानकारी और अनुपालन प्रक्रिया भी पूरी नहीं की गई थी। नियमों की अनदेखी को गंभीरता से लेते हुए पांचों निर्माण स्थलों को सील कर दिया गया। इनमें तीन साइट उद्योग विहार क्षेत्र की हैं।
निर्माण स्थलों पर धूल रोकने के इंतजाम जरूरी:निर्माण कार्यों के दौरान उड़ने वाली धूल शहर में वायु प्रदूषण बढ़ने की बड़ी वजह बनती है। खासकर बड़े निर्माण स्थलों पर अगर धूल को नियंत्रित करने के उपाय नहीं किए जाते, तो इसका असर आसपास के इलाकों की हवा पर भी पड़ता है। इसी को देखते हुए प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े नियमों के तहत निर्माण स्थलों पर धूल रोकने के जरूरी इंतजाम करना अनिवार्य है।
एचएसपीसीबी के अधिकारियों ने साफ किया है कि नियमों का पालन नहीं करने वाले निर्माण स्थलों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। शहर में निरीक्षण अभियान लगातार चलाया जाएगा और जहां भी सीएक्यूएम के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन मिलेगा, वहां नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे।




