सिधरावली में 35 वर्षीय दीपक की हत्या का मामला: 21 साल का जतिन गिरफ्तार, रंजिश में दोस्त के साथ मिलकर मारी थी गोली
गुरुग्राम: गांव सिधरावली में 35 वर्षीय दीपक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव सिधरावली निवासी 21 वर्षीय जतिन के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पुरानी रंजिश के चलते जतिन ने अपने एक साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। मृतक दीपक के साथ आरोपी के भाई और दोस्त की मारपीट हुई थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच दुश्मनी चल रही थी।

पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को थाना बिलासपुर में सूचना मिली थी कि गांव सिधरावली बस स्टैंड के पास एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां एक कार की अगली सीट पर 35 वर्षीय दीपक का शव मिला। उसके शरीर पर गोली लगने के निशान थे।
घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए पुलिस ने सीन ऑफ क्राइम और फिंगरप्रिंट टीम को भी बुलाया। टीमों ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद मृतक के चाचा की शिकायत पर थाना बिलासपुर में हत्या से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
रात को घर से कार लेकर निकला था दीपक: मृतक के चाचा ने पुलिस को बताया कि दीपक 8 नवंबर की रात अपनी कार लेकर कहीं गया था। अगले दिन सुबह करीब 8 बजे परिवार को सूचना मिली कि सिधरावली बस स्टैंड पर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई है। परिजन मौके पर पहुंचे तो दीपक कार की अगली सीट पर मृत पड़ा था। उसे गोली लगी हुई थी। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
भाई और दोस्त के साथ मारपीट बनी हत्या की वजह: मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-40 की टीम ने कार्रवाई करते हुए 10 नवंबर को गांव सहरावन से जतिन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि करीब छह महीने पहले दीपक के साथियों ने जतिन के भाई के साथ मारपीट की थी। इसके अलावा कुछ समय पहले जतिन के एक दोस्त के साथ भी मारपीट हुई थी। पुलिस के मुताबिक, जतिन को भी जान से मारने की धमकी दी गई थी। इन घटनाओं को लेकर उसके मन में रंजिश थी।
इसी रंजिश के चलते जतिन ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर दीपक की हत्या की साजिश रची और उसे गोली मार दी। पुलिस के अनुसार, जतिन का दूसरा साथी भी दीपक के साथ हुई मारपीट की घटना से नाराज था।
मृतक पर भी दर्ज थे हत्या समेत 8 आपराधिक मामले: पुलिस ने जांच के दौरान मृतक दीपक का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला। इसमें सामने आया कि दीपक के खिलाफ कुल आठ आपराधिक मामले दर्ज थे। इनमें छह मामले गुरुग्राम में और दो राजस्थान में दर्ज थे।
गुरुग्राम में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट और प्रिजन एक्ट के तहत मामले दर्ज थे। वहीं, राजस्थान में उसके खिलाफ हत्या और अवैध वसूली से जुड़े दो मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस रिमांड पर लेकर की जाएगी पूछताछ: पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी जतिन को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। रिमांड के दौरान उससे वारदात में इस्तेमाल हथियार, दूसरे आरोपी की भूमिका और अन्य जरूरी साक्ष्यों के बारे में पूछताछ की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




