गुरुग्राम में दीपक हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; देसी-विदेशी पिस्टल और 7 कारतूस बरामद
गुरुग्राम, 12 नवंबर। गुरुग्राम के गांव सिधरावली में बस स्टैंड के पास कार में बैठे 35 वर्षीय दीपक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे पुरानी रंजिश थी। दोनों आरोपियों ने अलग-अलग विवादों का बदला लेने के लिए मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्टल, एक विदेशी पिस्टल, सात जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को बिलासपुर थाना क्षेत्र में दीपक की हत्या की सूचना मिली थी। दीपक गांव सिधरावली का रहने वाला था। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वह अपनी कार की अगली सीट पर मृत मिला। उसके शरीर पर गोली लगने के निशान थे। इसके बाद पुलिस ने क्राइम सीन और फिंगरप्रिंट टीम को बुलाकर घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
मृतक के चाचा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दीपक 8 नवंबर की रात अपनी कार लेकर घर से निकला था। अगले दिन सुबह करीब 8 बजे उन्हें सूचना मिली कि सिधरावली बस स्टैंड पर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई है। परिजन मौके पर पहुंचे तो दीपक कार में मृत अवस्था में पड़ा था। शिकायत के आधार पर बिलासपुर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।
Crime Branch ने दो आरोपियों को दबोचा: मामले की जांच के दौरान Crime Branch सेक्टर-40 की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान जतिन (21) निवासी गांव सिधरावली और मोनू उर्फ धोलिया (27) निवासी गांव नांगल दरगू, जिला महेंद्रगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने जतिन को 10 नवंबर को गांव सहरावन, गुरुग्राम से गिरफ्तार किया, जबकि मोनू उर्फ धोलिया को 12 नवंबर को राजस्थान के पावटा, कोटपुतली से काबू किया गया। पुलिस के मुताबिक, जतिन को अदालत में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। वहीं, दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उससे भी पूछताछ की जा रही है।
दो अलग-अलग रंजिश बनी हत्या की वजह: पुलिस पूछताछ में सामने आया कि जतिन की दीपक और उसके साथियों से पुरानी रंजिश थी। करीब छह महीने पहले दीपक के साथियों ने जतिन के भाई के साथ मारपीट की थी। इसके अलावा कुछ समय पहले जतिन के एक दोस्त के साथ भी मारपीट हुई थी। पुलिस के अनुसार, इस विवाद के चलते जतिन को भी जान से मारने की धमकी दी गई थी।वहीं, मोनू उर्फ धोलिया की रंजिश भी दीपक से जुड़ी हुई थी। पुलिस के मुताबिक, मोनू सिधरावली में एक जगह काम करता था, जिसके मालिक सत्येंद्र यादव पर दीपक ने करीब छह साल पहले जानलेवा हमला किया था। मोनू इस घटना का बदला लेना चाहता था, लेकिन उसे मौका नहीं मिल रहा था।
इसी दौरान जतिन ने मोनू से संपर्क किया। दोनों ने अपनी-अपनी रंजिश के चलते दीपक को निशाना बनाने की योजना बनाई और मिलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार मोनू को लिपिन नेहरा नाम के एक अपराधी ने उपलब्ध करवाए थे। इस पहलू की भी जांच की जा रही है।
मोनू ने हत्या के प्रयास की एक और वारदात कबूली: पुलिस पूछताछ के दौरान मोनू उर्फ धोलिया ने सेक्टर-10 थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास की एक अन्य वारदात में भी शामिल होने का खुलासा किया है। पुलिस अब इस मामले में उसकी भूमिका की जांच कर रही है।
मृतक और आरोपी का भी आपराधिक रिकॉर्ड: पुलिस के मुताबिक, मृतक दीपक के खिलाफ भी गुरुग्राम और राजस्थान में कुल आठ आपराधिक मामले दर्ज थे। इनमें हत्या के दो मामले, हत्या के प्रयास, मारपीट, अवैध हथियार रखने और अवैध वसूली जैसे मामले शामिल हैं।
वहीं, आरोपी मोनू उर्फ धोलिया का भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ गुरुग्राम और नांगल चौधरी (नारनौल) में हत्या के प्रयास, लूट, छीना-झपटी, आर्म्स एक्ट और एक्साइज एक्ट समेत आठ मामले दर्ज हैं।
दो पिस्टल, सात कारतूस और मोबाइल बरामद: पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्टल, एक विदेशी पिस्टल, सात जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हत्या में इस्तेमाल हथियारों के स्रोत और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




