गुरुग्राम में जलभराव रोकने की तैयारी, नए तालाब बनेंगे और पुराने होंगे गहरे
वजीराबाद और घाटा के जलाशयों की बढ़ेगी क्षमता, ताऊ देवीलाल स्टेडियम की पार्किंग के नीचे भी बनेगा भूमिगत वाटर स्टोरेज; अगले मानसून से पहले शुरू होंगे कई काम
गुरुग्राम, 17 नवंबर। गुरुग्राम में हर मानसून के दौरान होने वाले जलभराव से निपटने के लिए अब बड़े स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है। शहर में बरसाती पानी को सड़कों और रिहायशी इलाकों में जमा होने से रोकने के लिए मौजूदा जलाशयों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही नए तालाब बनाए जाएंगे और कई प्रमुख जगहों पर जमीन के नीचे पानी जमा करने की व्यवस्था भी विकसित की जाएगी। हरियाणा सरकार ने इस दिशा में काम तेज कर दिया है। कोशिश है कि जलभराव से जुड़े जरूरी काम अगले मानसून से पहले पूरे कर लिए जाएं, ताकि बारिश के दौरान लोगों को हर साल की तरह परेशानी न झेलनी पड़े।

इस संबंध में शहरी विकास के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने मंगलवार को अपने कार्यालय में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में गुरुग्राम में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए तात्कालिक और लंबी अवधि की योजनाओं पर चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ऐसे कामों को प्राथमिकता दी जाए, जिनसे अगले मानसून तक शहर में बरसाती पानी के प्रबंधन की व्यवस्था बेहतर हो सके। बैठक में सबसे ज्यादा जोर बारिश के पानी को तालाबों और जलाशयों में जमा करने पर दिया गया।
वजीराबाद और घाटा के जलाशयों की बढ़ेगी क्षमता
योजना के पहले चरण में वजीराबाद और घाटा गांव के जलाशयों को बड़ा और गहरा करने का काम किया जाएगा। वजीराबाद में करीब 8 एकड़ जमीन पर बने मौजूदा जलाशय की खुदाई कर उसकी क्षमता बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा जलाशय के क्षेत्रफल में 10 से 12 एकड़ तक और विस्तार करने की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी। इससे बारिश के दौरान ज्यादा पानी जमा किया जा सकेगा और शहर के आसपास के इलाकों में जलभराव का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
इसी तरह घाटा गांव के जलाशय की भी खुदाई कर उसकी गहराई बढ़ाई जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि जलाशयों की मौजूदा क्षमता बढ़ाकर बरसाती पानी को बेहतर तरीके से सहेजा जा सकता है। इससे बारिश के पानी को सीधे सड़कों और निचले इलाकों में जमा होने से रोकने में मदद मिलेगी।
धनचिरी कैंप की जमीन पर बनेगा तालाब, स्टेडियम के नीचे जमा होगा पानी: बैठक में एंबियंस मॉल के पास हरियाणा-दिल्ली सीमा पर पर्यटन विभाग की धनचिरी कैंप वाली जमीन पर तालाब विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। यहां तालाब बनने से बरसाती पानी को जमा करने के लिए एक और जगह उपलब्ध हो सकेगी।
इसके अलावा सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में भी पानी के भंडारण की योजना तैयार की जा रही है। इसके तहत स्टेडियम की दोनों बड़ी पार्किंग और फुटबॉल ग्राउंड के नीचे भूमिगत जल भंडारण की व्यवस्था बनाने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। यानी जमीन के ऊपर पार्किंग और खेल गतिविधियां जारी रहेंगी, जबकि नीचे बारिश का पानी जमा किया जा सकेगा। इन सभी परियोजनाओं को गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के माध्यम से पूरा करवाया जाएगा।
नगर निगम अगले मानसून से पहले 28 और तालाब करेगा विकसित: गुरुग्राम में बारिश के पानी को जमा करने के लिए नगर निगम भी अपने स्तर पर काम कर रहा है। बैठक में नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि पिछले करीब 10 महीनों में शहर के 28 मौजूदा तालाबों को विकसित किया गया है। अब अगले साल मानसून से पहले 28 अन्य तालाबों को विकसित करने की योजना बनाई गई है।
बैठक में सुप्रीम कोर्ट में 270 एकड़ जमीन से जुड़े मामले में नगर निगम को मिली जीत का भी जिक्र हुआ। डीएस ढेसी ने अधिकारियों से कहा कि इस जमीन पर भी तालाब या झील विकसित करने की संभावनाओं का अध्ययन किया जाए। यदि यहां जलाशय विकसित होता है तो शहर में बरसाती पानी के संग्रहण के लिए एक बड़ा स्थान मिल सकता है।
वहीं, मानेसर नगर निगम ने भी जल संरक्षण की दिशा में काम शुरू कर दिया है। गांव कासन और नौरंगपुर में तालाब विकसित किए जा रहे हैं। इसके अलावा 21 अन्य तालाबों के जीर्णोद्धार का काम भी शुरू किया गया है।
सेक्टर-29 की पार्किंग के नीचे भी बनेगा भूमिगत वाटर स्टोरेज: शहर के व्यस्त सेक्टर-29 में भी बरसाती पानी को जमा करने के लिए नई व्यवस्था बनाने की तैयारी है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) यहां पार्किंग स्थलों के नीचे भूमिगत जल भंडारण की संभावनाओं का अध्ययन करेगा। इससे बारिश के दौरान अतिरिक्त पानी को जमा करने में मदद मिल सकती है।
बैठक में हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) के अधिकारियों ने बताया कि गुरुग्राम और मानेसर के बीच निगम की करीब 247 एकड़ जमीन है। इस जमीन पर गुरुग्राम शहर के स्तर का एक बड़ा पार्क विकसित करने का प्रस्ताव है। इस पर डीएस ढेसी ने सहमति जताते हुए निर्देश दिए कि पार्क की योजना में जलाशय को भी शामिल किया जाए, ताकि पार्क के साथ-साथ बारिश के पानी को जमा करने की व्यवस्था भी तैयार हो सके।
मानसून से पहले जलाशयों की सफाई और खुदाई पर जोर: बैठक में जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डीके बेहेरा ने सुझाव दिया कि मौजूदा जलाशयों की मानसून से पहले खुदाई करवाई जाए, ताकि उनकी पानी जमा करने की क्षमता बढ़ाई जा सके। उन्होंने कहा कि जीएमडीए और दोनों नगर निगमों के अधिकारियों के बीच तालमेल बनाकर इन कामों को जल्द शुरू करवाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में साफ किया गया कि गुरुग्राम में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए सिर्फ नालों की सफाई पर निर्भर रहने के बजाय बारिश के पानी को जमा करने के स्थायी इंतजाम भी किए जाएंगे। इसके लिए तालाबों, जलाशयों और भूमिगत वाटर स्टोरेज जैसी व्यवस्थाओं पर एक साथ काम करने की योजना है।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद: बैठक में जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डीके बेहेरा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद इमरान रजा, मानेसर नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह, एचएसवीपी प्रशासक वैशाली सिंह, नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त डॉ. पंकज, अतिरिक्त आयुक्त रविंद्र यादव और मुख्य नगर योजनाकार संजीव मान सहित जीएमडीए, दोनों नगर निगमों, एचएसवीपी, एचएसआईआईडीसी तथा नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




