पैसों के विवाद में युवक पर लोहे की रॉड से हमला, 25 वर्षीय युवक गंभीर घायल; एक आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम: पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक 25 वर्षीय युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पैसे मांगने पहुंचे दो युवकों पर एक युवक ने अपने भाई और अन्य साथियों के साथ मिलकर हमला कर दिया। इस दौरान लोहे की रॉड से किए गए वार में लखराम यादव के सिर पर गंभीर चोट आई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी लोकेश को गिरफ्तार कर लिया है। उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर को सेक्टर-53 थाना पुलिस को आर्टेमिस अस्पताल से सूचना मिली थी कि वजीराबाद निवासी लखराम यादव लड़ाई-झगड़े में घायल होने के बाद अस्पताल में भर्ती है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और घायल के बयान दर्ज कराने के लिए डॉक्टर से अनुमति मांगी। हालांकि, डॉक्टर ने लखराम की हालत गंभीर बताते हुए उसे बयान देने के लिए अनफिट करार दिया। उसके सिर पर गंभीर चोट लगी हुई थी।
इसके बाद 12 नवंबर को घायल के भाई ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत में बताया गया कि 10 नवंबर को लखराम के दोस्त विकास और लोकेश के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते लोकेश ने अपने भाई और अन्य साथियों के साथ मिलकर विकास और लखराम पर हमला कर दिया।
आरोप है कि हमले के दौरान लोहे की रॉड से लखराम के सिर पर वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपियों ने दोनों युवकों को जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट और डॉक्टर की राय के आधार पर सेक्टर-53 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
16 नवंबर को आरोपी गिरफ्तार: मामले की जांच के दौरान सेक्टर-53 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 16 नवंबर को आरोपी लोकेश को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान लोकेश पुत्र कृष्ण कुमार, निवासी सोलंकी मार्केट, वजीराबाद, सेक्टर-52, गुरुग्राम के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि लोकेश और विकास के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी सिलसिले में जब विकास और लखराम उससे पैसे मांगने पहुंचे तो लोकेश ने अपने भाई और अन्य साथियों के साथ मिलकर दोनों पर हमला कर दिया। इस हमले में लखराम के सिर पर गंभीर चोट आई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
एक दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी: पुलिस ने आरोपी लोकेश को 17 नवंबर को अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और हमले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




