50 लाख की नौकरी, बड़ी कंपनियों का करियर छोड़ा: गुरुग्राम की मां-बेटी ने चुना जैन साध्वी का जीवन
एक बेटी ने AI और जीवों की हिंसा से जुड़े सवालों के बाद लिया वैराग्य का फैसला, मां IOC में 37 साल की सेवा के बाद पहले ही धर्म और तपस्या से जुड़ी थीं
गुरुग्राम। जिंदगी में बेहतर नौकरी, अच्छी कमाई और ऊंचा पद हासिल करने के लिए लोग सालों मेहनत करते हैं। लेकिन गुरुग्राम की एक मां-बेटी ने इन सब उपलब्धियों से अलग रास्ता चुनकर सबको चौंका दिया है। 37 साल की अक्षिता और उनकी 61 वर्षीय मां शिरोमणी बजाज अब कॉर्पोरेट और पारिवारिक जीवन से आगे बढ़कर जैन साध्वी का जीवन अपना चुकी हैं।

अक्षिता के पास फॉक्सवैगन में करीब 50 लाख रुपये सालाना का पैकेज था। उनका करियर फिएट और मर्सिडीज बेंज जैसी नामी कंपनियों में भी रहा। दूसरी ओर, मां शिरोमणी ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) में 37 साल से अधिक समय तक काम किया और चीफ मैनेजर के पद से रिटायर हुईं। दो अलग-अलग पीढ़ियों की इन महिलाओं का एक ही निर्णय अब चर्चा में है। दोनों ने जैन धर्म की दीक्षा लेकर संयम का मार्ग चुना है। दीक्षा से पहले मंगलवार को जोधपुर में उनके सम्मान में वरघोड़ा निकाला गया। इस आयोजन में जैन समाज के साधु-साध्वियों के अलावा बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
तकनीक की दुनिया से अध्यात्म तक पहुंचीं अक्षिता: अक्षिता का प्रोफेशनल सफर काफी मजबूत रहा है। उन्होंने इलेक्ट्रिकल्स, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद IIM बेंगलुरु से MBA किया। इसके बाद ऑटोमोबाइल और टेक्नोलॉजी सेक्टर की बड़ी कंपनियों में काम किया।
2015 में उन्होंने फिएट ऑटो से अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद मर्सिडीज बेंज में सीनियर सॉफ्टवेयर इंजीनियर की जिम्मेदारी संभाली। 2025 में वह फॉक्सवैगन से जुड़ीं। यहां ग्लोबल ऑपरेशन मैनेजर के तौर पर दुनिया के पांच अलग-अलग स्थानों के कामकाज की जिम्मेदारी उनके पास थी। करीब 50 लाख रुपये सालाना कमाने वाली अक्षिता के सामने करियर में आगे बढ़ने के कई मौके थे, लेकिन उनकी प्राथमिकताएं बदलने लगी थीं। तकनीक के क्षेत्र में काम करते हुए उनके मन में जीवों के प्रति अहिंसा को लेकर सवाल उठने लगे।
AI के बढ़ते इस्तेमाल के बीच जीवों की चिंता सताने लगी: अक्षिता ने अपने फैसले के पीछे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI से जुड़ा एक विचार साझा किया। उनका कहना है कि उन्होंने मोबाइल और इंटरनेट के शुरुआती दौर से लेकर तकनीक में आए बड़े बदलावों को देखा है। लेकिन AI के कामकाज को करीब से समझने के दौरान उनका ध्यान इसके दूसरे पहलुओं पर भी गया।
उन्होंने डेटा सेंटर के निर्माण का उदाहरण देते हुए बताया कि इसके लिए बड़े क्षेत्र में जमीन की खुदाई और निर्माण कार्य करना पड़ता है। इस प्रक्रिया में मिट्टी के भीतर रहने वाले सूक्ष्म जीवों को नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है। जैन धर्म में अहिंसा और हर जीव के प्रति करुणा को विशेष महत्व दिया जाता है। अक्षिता के मन में भी इन बातों को लेकर गंभीर विचार शुरू हुए। धीरे-धीरे उनका रुझान नौकरी और भौतिक उपलब्धियों से हटकर आध्यात्मिक जीवन की ओर बढ़ने लगा। आखिरकार उन्होंने दीक्षा लेने का निर्णय किया।
मां ने नौकरी के साथ निभाया परिवार, अब चुना संयम का रास्ता: अक्षिता की मां शिरोमणी बजाज का जीवन भी उपलब्धियों से भरा रहा है। दिल्ली के मोती नगर में जन्मी शिरोमणी ने पढ़ाई पूरी करने के बाद 6 जनवरी 1988 को इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन में नौकरी शुरू की थी।
उन्होंने संस्थान में तीन दशक से ज्यादा समय बिताया। 31 अक्टूबर 2025 को चीफ मैनेजर के पद से उनकी सेवानिवृत्ति हुई। इस तरह नौकरी के मोर्चे पर एक लंबी पारी पूरी करने के बाद उन्होंने जीवन की दूसरी दिशा चुनने का फैसला किया। शिरोमणी के पति सुनील बजाज का निधन हो चुका है। उनकी दो बेटियां अक्षिता और आशिमा हैं। आशिमा की शादी सिद्धार्थ बजाज से हुई है और उनकी चार साल की बेटी इनायत है। परिवार की जड़ें दिल्ली से जुड़ी हैं, जबकि फिलहाल वे गुरुग्राम में रह रहे हैं।
कई कठिन धार्मिक तप पूरे कर चुकी हैं शिरोमणी: शिरोमणी का धार्मिक जीवन की ओर झुकाव लंबे समय से रहा है। नौकरी और घरेलू जिम्मेदारियों के बीच भी वह धार्मिक साधना और तपस्या के लिए समय निकालती थीं। परिवार को उनके आध्यात्मिक विचारों की जानकारी पहले से थी।
उन्होंने 20 दिनों का पुण्य कलश तप किया। इसके अलावा 20 दिनों का विमल विद्या अनुष्ठान दो बार पूरा किया। उनकी साधना में 84 दिन का धर्म चक्र, वर्धमान तप की 12 ओली, पांचम और दशम की तपस्या तथा पहला उपधान व्रत भी शामिल रहा है। अब मां और बेटी ने एक साथ दीक्षा लेकर अपने जीवन की नई शुरुआत की है। एक ओर कॉर्पोरेट जगत में कामयाबी हासिल करने वाली बेटी है, तो दूसरी ओर सरकारी क्षेत्र की बड़ी कंपनी में लंबा करियर पूरा करने वाली मां। दोनों का फैसला इस बात को लेकर चर्चा में है कि जीवन की सफलता को हर व्यक्ति अपने नजरिए से देखता है।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




