गुरुग्राम में सड़कों पर घूम रहे 19 पशु पकड़े, गौशालाओं में भेजा
गुरुग्राम। शहर की सड़कों पर खुले में घूमने वाले पशुओं को पकड़ने के लिए नगर निगम गुरुग्राम ने अपना अभियान तेज कर दिया है। ‘मिशन सुरक्षित गुरुग्राम’ के तहत शनिवार को निगम की टीमों ने अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए 19 पशुओं को पकड़ा। सभी पशुओं को सुरक्षित रूप से गौशालाओं और नंदीशालाओं में भेज दिया गया।

नगर निगम की टीमें शहर के अलग-अलग हिस्सों में लगातार निगरानी कर रही हैं। खासतौर पर सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर घूमने वाले पशुओं को पकड़ने पर ध्यान दिया जा रहा है। सड़कों पर अचानक पशुओं के आ जाने से अक्सर यातायात प्रभावित होता है और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। कई बार इन पशुओं की वजह से खुद उनकी जान भी जोखिम में पड़ जाती है।
निगमायुक्त डॉ. पंकज ने कहा कि शहर की सड़कों को सुरक्षित बनाना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। खुले में घूमने वाले पशु आम लोगों के साथ-साथ खुद पशुओं के लिए भी खतरा बनते हैं। इसी को देखते हुए ‘मिशन सुरक्षित गुरुग्राम’ के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को अभियान की निगरानी बनाए रखने और अलग-अलग क्षेत्रों में नियमित रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
पशुपालकों से भी की अपील: नगर निगम ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं को सड़कों या सार्वजनिक स्थानों पर खुला न छोड़ें। पशुओं को सुरक्षित जगह पर रखना और उनकी देखभाल करना उनकी जिम्मेदारी है। निगम का कहना है कि पशुओं को खुले में छोड़ने से सड़क हादसों की आशंका बढ़ती है और आम लोगों को भी परेशानी होती है।
इसके अलावा शहरवासियों से भी अपील की गई है कि अगर उन्हें किसी सड़क, बाजार या सार्वजनिक स्थान पर खुले में घूमते पशु दिखाई दें तो इसकी सूचना नगर निगम को दें। निगम का कहना है कि लोगों के सहयोग से इस समस्या पर बेहतर तरीके से काबू पाया जा सकता है।
नगर निगम के मुताबिक, ‘मिशन सुरक्षित गुरुग्राम’ के तहत पशुओं को पकड़ने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसका मकसद शहर की सड़कों को सुरक्षित रखना, यातायात में बाधा कम करना और खुले में घूमने वाले पशुओं को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना है।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




