गुरुग्राम में प्रॉपर्टी टैक्स नहीं भरा तो होगी कार्रवाई, टॉप-1000 बकायेदारों को भेजेंगे नोटिस
गुरुग्राम, 24 नवंबर। प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं कराने वालों पर नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) अब सख्ती करने जा रहा है। निगम ने शहर के सबसे बड़े 1000 टैक्स बकायेदारों की सूची तैयार कर उन्हें रिकवरी नोटिस भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए निगमायुक्त डॉ. पंकज ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बकायेदारों की पहचान कर जल्द से जल्द नोटिस जारी किए जाएं और उनकी डिलीवरी भी सुनिश्चित की जाए। इतना ही नहीं, नोटिस के बाद भी टैक्स जमा नहीं कराने वाली प्रॉपर्टीज को सील करने की कार्रवाई में भी तेजी लाई जाएगी।

निगमायुक्त ने सोमवार को सेक्टर-34 स्थित नगर निगम कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रॉपर्टी टैक्स की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान अलग-अलग जोन में टैक्स की कुल मांग, अब तक हुई वसूली और लंबित बकाया राशि का जायजा लिया गया। वसूली की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को साफ कहा कि टैक्स वसूली के मामले में अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी जोन को अपने स्तर पर बकायेदारों से संपर्क कर वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
टॉप-1000 बकायेदारों को पहले भेजे जाएंगे नोटिस
नगर निगम सबसे पहले उन 1000 प्रॉपर्टी मालिकों पर कार्रवाई करेगा, जिन पर सबसे ज्यादा प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। अधिकारियों को इन सभी की एक संयुक्त सूची तैयार करने और उन्हें रिकवरी नोटिस भेजने के लिए कहा गया है। नोटिस समय पर संबंधित लोगों तक पहुंचें, इसके लिए निगम एक बाहरी एजेंसी भी नियुक्त करेगा।
जब तक एजेंसी की नियुक्ति नहीं होती, तब तक संबंधित जोन के क्लर्क और यूएलबी मेकर्स खुद फील्ड में जाकर नोटिस बांटेंगे। इस दौरान नोटिस पहुंचाने के लिए कर्मचारियों को जो वास्तविक ईंधन खर्च होगा, उसकी भरपाई नगर निगम करेगा। निगम का मकसद है कि एजेंसी की नियुक्ति का इंतजार करते हुए नोटिस भेजने का काम न रुके।
फोन और व्हाट्सएप पर भी याद दिलाएगा निगम
प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने के लिए अब बकायेदारों को फोन और व्हाट्सएप के जरिए भी संपर्क किया जाएगा। निगमायुक्त ने निर्देश दिए हैं कि हर जोन के बड़े बकायेदारों की सूची एमसीजी कॉल सेंटर को दी जाए। कॉल सेंटर की टीम इन लोगों को फोन करेगी और व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर बकाया टैक्स जमा कराने के लिए कहेगी।
इससे निगम एक साथ कई माध्यमों से बकायेदारों तक पहुंचेगा। नोटिस भेजने के साथ फोन और मैसेज के जरिए लगातार फॉलोअप भी किया जाएगा, ताकि टैक्स जमा कराने में देरी न हो।
नोटिस के बाद भी टैक्स नहीं भरा तो सील होगी प्रॉपर्टी
नगर निगम ने साफ कर दिया है कि केवल नोटिस भेजकर कार्रवाई को नहीं रोका जाएगा। नोटिस की तामील के बाद भी जिन प्रॉपर्टी मालिकों की ओर से बकाया टैक्स जमा नहीं कराया जाएगा, उनके भवनों को सील करने की कार्रवाई तेज की जाएगी। निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नोटिस जारी करने, उसे संबंधित व्यक्ति तक पहुंचाने और इसके बाद की कार्रवाई पर लगातार नजर रखी जाए। सीलिंग की कार्रवाई संबंधित कानूनी प्रावधानों और तय प्रक्रिया के तहत की जाएगी।
कर्मचारियों के व्यवहार पर भी निगमायुक्त सख्त
बैठक में निगमायुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को नागरिकों के साथ उनके व्यवहार को लेकर भी हिदायत दी। उन्होंने कहा कि नगर निगम कार्यालय में आने वाले लोगों की शिकायतों और आवेदनों को गंभीरता से सुना जाए। क्लर्क और दूसरे कर्मचारी नागरिकों के साथ सम्मान और शालीनता से पेश आएं। किसी भी आवेदक को बेवजह परेशान न किया जाए और न ही उसके काम में अनावश्यक देरी हो।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी कर्मचारी के दुर्व्यवहार या लापरवाही की शिकायत मिलती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एचकेआरएन के माध्यम से लगे कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जबकि नियमित कर्मचारियों के खिलाफ सेवा नियमों के अनुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।
अगली बैठक में देना होगा काम का पूरा हिसाब
निगमायुक्त ने सभी संयुक्त आयुक्तों और जोनल टैक्सेशन अधिकारियों को अगली समीक्षा बैठक में अपने-अपने जोन की पूरी रिपोर्ट लेकर आने को कहा है। इस रिपोर्ट में कितनी टैक्स वसूली हुई, कितने रिकवरी नोटिस जारी किए गए, कितने नोटिस बकायेदारों तक पहुंचे और कितनी प्रॉपर्टीज को सील किया गया, इसकी जानकारी देनी होगी।
बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त (मुख्यालय) रविन्द्र यादव, संयुक्त आयुक्त डॉ. प्रीतपाल सिंह, डॉ. जयवीर यादव और रविन्द्र मलिक सहित जोनल टैक्सेशन अधिकारी, यूएलबी मेकर्स और सभी जोन के संबंधित क्लर्क मौजूद रहे।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




