गुरुग्राम में नकली नोटों से पेट्रोल की ठगी, दो वारदातों से पंप संचालक परेशान
गुरुग्राम: शहर में नकली नोट खपाकर पेट्रोल भरवाने का मामला सामने आया है। अशोक विहार फेज-2 स्थित माता शीतला फ्यूल स्टेशन पर बाइक सवार दो युवक 1000 रुपये का पेट्रोल डलवाकर कर्मचारियों को नकली नोट थमा गए। दोनों ने भुगतान के लिए पहले ऑनलाइन तरीका अपनाने की बात कही, लेकिन पेट्रोल भरने के बाद नकद भुगतान कर दिया। जब तक कर्मचारियों को नोटों के फर्जी होने का पता चला, आरोपी मौके से निकल चुके थे। हैरानी की बात यह है कि इसी पेट्रोल पंप पर कुछ दिन पहले भी इसी तरह नकली नोट देकर ठगी की गई थी।

पंप का संचालन देख रहे मनीष कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 22 नवंबर की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच बुलेट बाइक पर दो युवक पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। दोनों ने कपड़े से अपना चेहरा ढक रखा था। उन्होंने कर्मचारी से बाइक में 1000 रुपये का पेट्रोल भरने के लिए कहा। शुरुआत में उन्होंने ऑनलाइन भुगतान करने की बात कही, जिससे कर्मचारी को किसी तरह का संदेह नहीं हुआ।
पेट्रोल भरने के बाद दोनों युवकों ने ऑनलाइन पेमेंट करने के बजाय नकद रुपये देने की बात कही। उन्होंने कर्मचारी को 500-500 रुपये के दो नोट दिए और तुरंत बाइक लेकर वहां से निकल गए। कुछ देर बाद कर्मचारी ने नोटों को देखा तो उनकी छपाई और कागज की गुणवत्ता पर शक हुआ। जांच करने पर दोनों नोट नकली निकले।
बिना नंबर प्लेट की बुलेट से पहुंचे थे युवक
नकली नोट मिलने का पता चलते ही पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने शोर मचाया और बाइक सवारों को पकड़ने के लिए उनका पीछा किया। लेकिन दोनों युवक तेज रफ्तार से निकलने में कामयाब रहे। कर्मचारियों ने उनकी बाइक का नंबर नोट करने की कोशिश की तो पता चला कि बुलेट पर नंबर प्लेट ही नहीं लगी थी। इससे आरोपियों की पहचान करना मुश्किल हो गया।
स्प्लेंडर बाइक से भी पहले हो चुकी है ठगी
पंप संचालक के मुताबिक, कुछ दिन पहले भी इसी पेट्रोल स्टेशन पर नकली नोट से भुगतान करने की घटना हुई थी। उस समय हीरो स्प्लेंडर बाइक पर एक व्यक्ति पेट्रोल भरवाने आया था। उसने 500 रुपये का पेट्रोल डलवाया और बदले में 500 रुपये का नकली नोट देकर फरार हो गया था।
एक ही पेट्रोल पंप पर लगातार दूसरी बार इस तरह की घटना होने से संचालकों को आशंका है कि इलाके में ऐसे लोग सक्रिय हैं, जो पेट्रोल पंपों पर नकली नोट चलाकर ठगी कर रहे हैं। दोनों घटनाओं में बाइक सवारों ने पेट्रोल भरवाने के बाद नकद भुगतान किया और तुरंत वहां से निकल गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने की मांग
मनीष कुमार ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने की बात कही है, ताकि दोनों घटनाओं में इस्तेमाल की गई बुलेट और स्प्लेंडर बाइक के सवारों का पता लगाया जा सके।
पंप संचालक का कहना है कि नकली नोटों के जरिए इस तरह की ठगी से कारोबारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। साथ ही नकली करेंसी का बाजार में इस्तेमाल होना भी गंभीर चिंता का विषय है। अब पुलिस जांच से ही पता चल सकेगा कि दोनों घटनाओं के पीछे एक ही आरोपी हैं या अलग-अलग लोग इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




