सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की मदद को तुरंत पहुंची गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस, अस्पताल पहुंचाया
गुरुग्राम, 28 नवंबर। सड़क हादसे में घायल एक व्यक्ति के लिए गुरुग्राम यातायात पुलिस के जवान मददगार बनकर सामने आए। ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों ने सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल की टक्कर लगने से घायल होते देखा तो बिना देर किए उसकी मदद के लिए पहुंच गए। घायल व्यक्ति के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हुआ था। पुलिसकर्मियों ने मौके पर एंबुलेंस बुलवाई और उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया।

जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर 2026 की रात शंकर चौक पर यातायात ड्यूटी के दौरान जोनल अधिकारी ASI राकेश, HGH जगबीर, HGH नवीन और SPO समुंदर की नजर सड़क किनारे हुई दुर्घटना पर पड़ी। एक मोटरसाइकिल सवार ने सड़क किनारे खड़े व्यक्ति को टक्कर मार दी थी। हादसे में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया था।
हादसा देखते ही यातायात पुलिसकर्मी तुरंत घायल के पास पहुंचे। उन्होंने बिना समय गंवाए एंबुलेंस को सूचना दी और उसके पहुंचने तक घायल व्यक्ति को जरूरी प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया।
वहीं, दुर्घटना में शामिल मोटरसाइकिल सवार और उसकी मोटरसाइकिल को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए ERV-247 टीम के हवाले कर दिया गया। इसके बाद ERV टीम दोनों को थाना उद्योग विहार लेकर पहुंची।
यातायात पुलिसकर्मियों की इस तत्परता से घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद मिली। सड़क हादसे के बाद शुरुआती समय काफी अहम होता है। ऐसे में मौके पर मौजूद लोगों की थोड़ी सी समझदारी और समय पर की गई मदद किसी घायल की जान बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
गुरुग्राम यातायात पुलिस ने लोगों से की मदद की अपील: गुरुग्राम यातायात पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने पर तमाशबीन बनकर खड़े न रहें, बल्कि उसकी मदद के लिए आगे आएं। हादसे की सूचना तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को दें, ताकि घायल को जल्द से जल्द इलाज मिल सके। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के समय घायलों को समय पर सहायता मिलना बेहद जरूरी है। लोगों की छोटी सी पहल किसी की जिंदगी बचा सकती है।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




