
चंड़ीगढ़, 6 फरवरी। कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के चार अधिकारियों को निलंबित करने के आदेश दिए। राणा ने आज साढौरा और रायपुररानी की अनाज मंडियों का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान चारों अधिकारी अपने कार्यालय से गैर हाजिर मिले थे।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने पहले साढौरा अनाज मंडी का दौरा किया। जांच के दौरान मंडी सचिव धर्मेंद्र सिंह और नीलामी रिकॉर्डर बिजेंद्र सिंह ड्यूटी से गैर हाजिर मिले। उन्होंने रायपुररानी अनाज मंडी का भी निरीक्षण किया, जहां मंडी सचिव नवदीप सिंह और नीलामी रिकॉर्डर राजकुमार भी अपनी ड्यूटी से गायब मिले। कृषि मंत्री ने बताया कि दोनों मंडियों में अधिकारियों की नियमित अनुपस्थिति की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों की पुष्टि होने के बाद उन्होंने औचक निरीक्षण करने का फैसला किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। कृषि मंत्री ने रिकॉर्ड रजिस्टर की भी जांच की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में आने वाले किसानों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने उच्च अधिकारियों को भी सख्त हिदायत दी कि सभी कर्मचारी अपने कार्यस्थल पर निर्धारित समय पर अवश्य मौजूद रहें। भविष्य में भी वह राज्य की सभी मंडियों और कार्यालयों का औचक निरीक्षण करेंगे। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।