Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के सेक्टर-89 में देर रात दोस्तों के बीच हुआ विवाद उस समय खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया, जब एक युवक ने गुस्से में अपनी थार से कैब को कई बार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि थार में सवार युवक नशे में था। घटना में कैब का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों एयरबैग खुल गए। हालांकि कैब ड्राइवर और उसमें बैठे दोनों युवक सुरक्षित बच गए। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली नंबर की थार में चार युवक सेक्टर-89 पहुंचे थे। किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने के बाद दो युवक थार से उतर गए और घर जाने के लिए रैपिडो के जरिए कैब बुक कर ली।
कुछ देर बाद कैब मौके पर पहुंची और दोनों युवक उसमें बैठ गए। इसी दौरान थार में मौजूद उनके साथी ने कैब को रोकने की कोशिश शुरू कर दी। आरोप है कि उसने थार को आगे-पीछे करते हुए कैब में कई बार टक्कर मारी।
कैब ड्राइवर ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन थार चालक नहीं रुका। लगातार टक्कर लगने से कैब का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के दौरान कार के दोनों फ्रंट एयरबैग खुल गए।
एयरबैग खुलने से टली बड़ी अनहोनी: अचानक हुए हमले से कैब के अंदर बैठे दोनों युवक और ड्राइवर घबरा गए। हालांकि एयरबैग खुलने से उन्हें गंभीर चोट नहीं लगी। जिस तरह से थार ने कैब को टक्कर मारी, उससे मौके पर बड़ा हादसा होने की आशंका बन गई थी।
घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वायरल वीडियो में थार को कैब में टक्कर मारते हुए देखा जा सकता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, थार सवार युवक नशे की हालत में थे। हालांकि नशे की स्थिति की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
कैब ड्राइवर ने पुलिस को दी शिकायत: घटना के बाद कैब ड्राइवर ने खेड़कीदौला थाना पुलिस को शिकायत दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक थार सवार युवक वहां से निकल चुके थे।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, घटना में इस्तेमाल थार दिल्ली नंबर की है। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक और उसमें सवार युवकों की पहचान की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




