
Bilkul Sateek News
चरखी दादरी, 29 अप्रैल। हरियाणा के एक जवान ड्यूटी के दौरान लेह में शहीद हो गया। जवान का आज शाम को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
चरखी-दादरी के गांव काकड़ौली हुक्मी निवासी 25 वर्षीय नवीन श्योराण चार साल पहले भारतीय वायुसेना में भर्ती हुआ था। नवीन इस समय लेह-लद्दाख के दुर्गम इलाकों में तैनात था।
नवीन का रविवार को जन्मदिन था और वह स्टेशन के पास लगती एक झील में नहाने के लिए गया था। नवीन ने नहाने के लिए झील में डुबकी लगाई तो वह दलदल में फंस गया और बाहर नहीं आ पाया। दलदल फंसने से नवीन के शरीर में पानी चला गया। इसके बाद सूचना मिलने पर पहुंची एनडीआरएफ टीम ने झील में अभियान चलाया और नवीन का पता लगाया। सोमवार को परिजनों को सूचना मिली तो वे लेह की और रवाना हुए। आज वे सभी नवीन की पार्थिव देह लेकर गांव लौटेंगे। आज शाम उसका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
साधारण परिवार सतीश श्योराण के घर में जन्मा नवीन दो भाइयों में छोटा था। नवीन को बचपन से ही देश सेवा का चाव था और इसकी प्रेरणा उन्हें अपने दादा से मिली थी। दादा धर्मसिंह भी भारतीय सेना में सेवाएं दे चुके हैं। नवीन श्योराण का बड़ा भाई नितिन श्योराण वर्तमान में लॉ (कानून) की शिक्षा ग्रहण कर रहा है। नवीन की शहादत से पूरे गांव में दुख का माहौल है।