BIlkul Sateek News
गुरुग्राम, 11 मई। गुरुग्राम में शनिवार देररात गो तस्करों सड़कों पर उत्पात मचाया और अपना पीछा कर रहे गो रक्षकों पर पथराव तक कर दिया। कई घंटे तस्कर बचकर भागते रहे और अचानक टायर फटने से उनकी गाड़ी पलट गई। जिसके बाद गो रक्षकों ने चार तस्करों को पकड़ लिया और तीन अंधेरा का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। गाड़ी पलटने से कुछ गोवंश भी घायल हो गए। बाद में सभी गोवंशों को गोशाला भिजवा दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों गो तस्करों को पकड़ लिया। इनमें से दो पहले भी गो तस्करी में जेल की हवा खा आए, परंतु बाहर निकलते फिर से गो तस्करी में लिप्त हो गए।
पकड़े गए तस्करों में कुख्यात गो तस्कर खली और गुल्ला शामिल हैं, जो पहले भी गो तस्करी के मामले में जेल जा चुके हैं। जेल से छूटने के बाद भी ये अपराधी अपनी हरकतों से बाज नहीं आए और फिर से गो तस्करी में लिप्त हो गए।
शनिवार की रात को गो रक्षक चमन खटाना को सूचना मिली कि कुछ गो तस्कर वजीराबाद गांव के पास खेल स्टेडियम सर्विस लेन से गायों को चुराकर मेवात में गोकशी के लिए ले जाने की साजिश रच रहे हैं। सूचना मिलते ही गो रक्षकों की टीम ने मोर्चा संभाला और तस्करों की गाड़ी का पीछा शुरू कर दिया।
गो रक्षकों ने तस्करों की गाड़ी को रोकने की कोशिश की, लेकिन तस्करों ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और पीछा कर रहे गो रक्षकों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस दौरान तस्करों ने सड़कों पर आतंक मचाया और गो रक्षकों को डराने की कोशिश की।
तस्करों की गाड़ी का पीछा करते हुए गो रक्षकों की टीम कादरपुर तक पहुंच गई। तभी अचानक तस्करों की गाड़ी का टायर फट गया, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। गाड़ी पलटते ही तस्कर बाहर निकलकर भागने लगे। गो रक्षकों ने तुरंत चार तस्करों को दबोच लिया। हालांकि, तीन तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। गाड़ी में मौजूद गायों को भी गो रक्षकों ने सुरक्षित निकाला, जिनमें से कुछ घायल थीं।
वहीं, सूचना मिलते ही सेक्टर 65 थाना प्रभारी अजय वीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हाइड्रा की मदद से पलटी गाड़ी को सीधा किया और घायल गोवंश को इलाज के लिए नजदीकी गोशाला भेजा। पुलिस ने चारों तस्करों को हिरासत में ले लिया और उनकी गाड़ी को भी जब्त कर लिया।
थाना प्रभारी अजयवीर ने बताया कि पकड़े गए तस्करों से पूछताछ की जा रही है और फरार तस्करों की तलाश के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस ने गो तस्करी और हमले के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। वहीं, चमन खटाना ने गो तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



