
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 4 जून। गुरुग्राम पुलिस ने व्हाट्सअप ग्रुप के माध्यम से स्टॉक ट्रेडिंग में निवेश करके अच्छा मुनाफा कमाने का प्रलोभन देकर ठगी करने के मामले में पूर्व बैंक मैनेजर स समेत 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से 2 मोबाइल भी बरामद किए हैं।पुलिस अब तक साइबर ठगी के मामलों में संलिप्त कुल 33 बैंक कर्मचारियों को गिरफ्तार कर चुके हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 31 मई को एक व्यक्ति ने पुलिस थाना साइबर अपराध मानेसर को एक लिखित शिकायत व्हाट्सअप ग्रुप के माध्यम से स्टॉक ट्रेडिंग में निवेश करके अच्छा मुनाफा कमाने का प्रलोभन देकर ठगी करने के सम्बन्ध में प्राप्त हुई।
थाना प्रभारी मनोज कुमार की टीम ने इस मामले वारदात को अन्जाम देने में शामिल 2 आरोपियों को 3 जून को शहर आगरा उत्तर-प्रदेश से काबू करने में सफलता हासिल की। आरोपियों की पहचान आयुष कुमार निवासी कमला नगर आगरा (उत्तर- प्रदेश) और विवेक पाठक निवासी RF रेजिडेंसी जिला आगरा (उत्तर-प्रदेश) के रुप में हुई है।
पुलिस जांच व आरोपियों से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि ठगी गई राशि मे से 25 लाख रुपये विवेक पाठक (खाताधारक) के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे। विवेक पाठक ने यह बैंक खाता आयुष को बेचा हुआ था, जिसके बदले विवेक आयुष से बैंक खाते में ट्रांसफर होने वाली राशि का 2% कमीशन लेता था। आयुष कुमार (पूर्व IDFC बैंक मैनेजर) ने विवेक के बैंक खाता को अपने एक अन्य साथी को बेचा हुआ था, जिसके बदले आयुष बैंक खाते में ट्रांसफर होने वाली राशि का 4% कमीशन अपने अन्य साथी से प्राप्त करता था।
मामले की आगामी कार्यवाही के लिए अरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। अभियोग का अनुसंधान जारी है।