Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में 67 चालान वाली बाइक इम्पाउंड, 4.06 लाख रुपये का जुर्माना बकाया
गुरुग्राम। यातायात नियमों को बार-बार तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में ट्रैफिक पुलिस की टीम ने एक ऐसी मोटरसाइकिल को इम्पाउंड किया है, जिसके नाम पर एक-दो नहीं बल्कि कुल 67 चालान लंबित थे। इन चालानों पर कुल 4 लाख 6 हजार 500 रुपये का जुर्माना बकाया है।

जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर को दमदमा रेड लाइट पर जोनल अधिकारी ASI जयवीर अपनी टीम के साथ यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान उन्होंने जांच के लिए एक मोटरसाइकिल को रुकवाया। बाइक के रिकॉर्ड की जांच की गई तो उसके खिलाफ कुल 67 चालान लंबित मिले। इन सभी चालानों की जुर्माना राशि जोड़ने पर यह आंकड़ा 4,06,500 रुपये तक पहुंच गया।
जांच में यह भी सामने आया कि मोटरसाइकिल के खिलाफ ज्यादातर चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने, वैध इंश्योरेंस के बिना बाइक चलाने और बिना PUC सर्टिफिकेट के वाहन चलाने से जुड़े थे। यानी बाइक चालक लगातार ऐसे नियमों की अनदेखी कर रहा था, जो सड़क पर उसकी और दूसरे लोगों की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी हैं।
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान बाइक मालिक मोटरसाइकिल से जुड़े जरूरी कागजात भी नहीं दिखा पाया। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने नियमानुसार मोटरसाइकिल को इम्पाउंड कर लिया।
ट्रैफिक पुलिस की वाहन चालकों से अपील
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें। इसके साथ ही वाहन का वैध इंश्योरेंस और PUC सर्टिफिकेट भी अपडेट रखें। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का पालन सिर्फ चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि सड़क पर खुद की और दूसरों की जान सुरक्षित रखने के लिए भी जरूरी है।
पुलिस ने साफ किया है कि बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।




