
Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 1 जुलाई। भिवानी में 13 जुलाई को होने वाली दक्ष प्रजापति जयंती का निमंत्रण देने के लिए फरीदाबाद पहुंचे कैबिनेट मंत्री रणवीर गंगवा ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी नहीं बल्कि गुटबाजी का अखाड़ा बन गई है।
गंगवा ने कल शाम इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि 13 जुलाई को भिवानी में दूसरा सरकारी दक्ष प्रजापति महासम्मेलन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे और प्रजापति समाज की जो भी मांगे होगी, उन्हें मुख्यमंत्री के समक्ष रखकर उन्हें पूरी करेंगे।
कैबिनेट मंत्री रणवीर गंगवा ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी नहीं बल्कि गुटबाजी का अखाड़ा है। आज कांग्रेस गुटों में बटी हुई है कहीं हुड्डा गुट है तो कहीं सेलजा गुट, लेकिन इन गुटों में आपस में समानता भी नहीं है। हरियाणा में पहली बात तो हरियाणा कांग्रेस का संगठन बनता ही नहीं है, अगर बन भी गया उसको यह चलने नहीं देंगे।
वहीं अपराध को लेकर उनका कहना था कि पुलिस को फ्री हैंड करने के आदेश मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तरफ से दिए गए हैं। या तो बदमाश बदमाशी छोड़ देंगे या फिर हरियाणा छोड़ देंगे। जगह-जगह सड़कों पर हुए गड्ढों को लेकर उनका कहना था कि जल्द ही लोगों को राहत मिलेगी सड़कों के गड्ढे भरे जाएंगे और सड़कों को दुरुस्त किया जाएगा। सड़कों के निर्माण में क्वालिटी से कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा। लापरवाही बरतने वाले अधिकारी और ठेकेदारों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।