
Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 11 अगस्त। फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक मूलचंद शर्मा द्वारा आयोजित मोटरसाइकिल तिरंगा यात्रा रैली का आयोजन किया गया। जिसमें केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर मुख्य रूप से उपस्थित हुए और मोटरसाइकिल चला कर तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। इस अवसर पर देश की आन बान शान तिरंगा यात्रा को लेकर लोगों में और युवाओं में भरी जोश दिखाई दिया और सड़कों पर चौराहों पर हर तरफ तिरंगा लहराता नजर आया। इस अवसर पर डीजे पर देशभक्ति के गीतों को बजाया गया और भारत माता की जय के नारे लगाए गए।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि देश के हजारों नौजवानों और शहीदों ने कुर्बानी दी है तब हमें आजादी मिली है और तिरंगा हमारी और हमारे देश की आन बान शान है। भारतीय जनता पार्टी का हर एक कार्यकर्ता गांव-गांव गली-गली में तिरंगा यात्रा निकाल रहा है। इस मौके पर राहुल गांधी के बयानों को लेकर पूछे गए सवाल पर केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि – जिसको (राहुल गांधी) देश की सरकार के ऊपर विश्वास नहीं है उसको खुद के ऊपर भी विश्वास नहीं है ऐसे व्यक्ति के बारे में मैं क्या कहूं !
वहीं, हाल ही में राहुल गांधी द्वारा प्रेसवार्ता कर फर्जी वोट गिनवाने के मामले पर केंद्र राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि उसके बारे में क्या कहा जाए, जिसको ना तो देश की सेना के ऊपर विश्वास है ना ही सरकार पर विश्वास है। ऐसे व्यक्ति के बारे में क्या कहना, जिसको अपने ऊपर भी विश्वास नहीं है। वहीं इस मौके पर तिरंगा यात्रा के आयोजन पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा ने कहा कि आज तिरंगा यात्राओं को लेकर देश के लोगों में जोश और जुनून है हम सभी को तिरंगा यात्राओं में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए, क्योंकि तिरंगा देश की शान है।