Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 2 सितंबर। फरीदाबाद के नहर पार इलाके के किसानों की जमीनों को हरियाणा सरकार द्वारा अधिग्रहित करने के मामले को लेकर सभी किसानों ने आज केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के कार्यालय पहुंचकर मंत्री को ज्ञापन सौंपा और अपनी जमीनों को अधिकृत न किए जाने की गुर्जर के सामने मांग रखी। इस मौके पर किसानों के साथ कांग्रेस छोड़ चुके पूर्व कांग्रेस विधायक ललित नागर भी थे। नागर ने किसानों की ओर से उनकी मांगें रखी। जिस पर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने आश्वासन दिया कि किसानों की मर्जी के बिना उनकी जमीन का अधिग्रहण नहीं किया जाएगा। जबकि कांग्रेस के राज में जबरन किसानों की जमीन ले ली जाती थी, लेकिन बीजेपी के राज में ऐसा नहीं हो सकता।
इस मौके पर किसानों को आश्वासन देते हुए और मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि हरियाणा सरकार किसी भी किसान की जमीन उसकी बगैर मर्जी के नहीं लेगी, जो किसान अपनी जमीन अपनी मर्जी से सरकार को देना चाहता है बस उसी किसान की जमीन को लिया जाएगा। इससे पहले हरियाणा सरकार किसान के समक्ष जमीन का उचित दाम रखेगी, यदि किसान को पसंद है तो वह अपनी जमीन बेच सकता है अगर नहीं तो उसकी जमीन जबरदस्ती अधिकृत नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकार में किसने की जमीन जबरदस्ती नहीं ली जाती, जबकि कांग्रेस के समय में सेक्शन 4, 6 और 9 के अंतर्गत् किसानों की जमीन ले ली जाती थी।
वहीं, तिगांव के पूर्व विधायक ललित नागर ने मीडिया से बातचीत मंे कहा कि जिस जमीन को अधिकृत सरकार द्वारा होने के डर से किसान इतने दिनों से परेशान थे, आज केंद्रीय मंत्री के आश्वासन के बाद सभी ने राहत की सांस ली है और उन्हें आश्वासन मिला है कि उनकी जमीन अधिग्रहित नहीं की जाएगी। इसके लिए वह केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर का धन्यवाद करते हैं और वह पूरी तरीके से आश्वस्त हैं कि अब उनकी जमीन को सरकार अधिकृत नहीं करेगी।




