Bilkul Sateek News
रेवाड़ी/गुरुग्राम, 13 सितंबर। केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के खिलाफ बेबुनियादी खबरें चलाने पर रेवाड़ी और गुरुग्राम के तीन यूट्यूब चैनलों पर रामपुरा पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया गया है। मामला राव इंद्रजीत सिंह के सहायक निजी सचिव नरेश शर्मा ने दर्ज करवाया है। कुछ यूट्यूबर राव इंद्रजीत सिंह के वापस कांग्रेस में जाने की खबरें चला रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।
नरेश शर्मा ने आरोप लगाया है कि कुछ यूट्यूब चैनल राव इंद्रजीत सिंह के भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने की झूठी खबरें प्रसारित कर रहे हैं। ऐसी बेबुनियादी खबरों द्वारा केंद्रीय राज्य मंत्री की छवि खराब करने का प्रयास किया गया।
पिछले कुछ दिनों से केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत द्वारा जल्द ही भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल की खबरें यूट्यूब चैनल पर चलाई जा रही थी। जिससे हरियाणा विशेषकर अहीरवाल राजनीति में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे थे।
जिन प्रमुख चैनलों पर कार्रवाई की गई है उनमें हिंदुस्तान नाउ, हरियाणा रथ रेवाड़ी और खबर जी हैं। इसके साथ ही कई अन्य यूट्यूब चैनलों पर भी एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस को दी शिकायत में कहा गया है कि इन यूट्यूब चैनल संचालकों द्वारा चैनल पर डिबेट भी चलाई गई है।
इससे केंद्रीय मंत्री की छवि खराब करने का प्रयास किया गया है।




