Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
फ्लैट दिलाने का सपना दिखाकर करोड़ों की ठगी, आरोपी दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार: गुरुग्राम में फ्लैट दिलाने के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये ठगने के मामले में आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 33 वर्षीय अनुभव निवासी मोहन गार्डन, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे दिल्ली एयरपोर्ट से उस समय दबोचा, जब वह कथित तौर पर इंडोनेशिया जाने की तैयारी में था।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-55 स्थित सुनहरा अपना घर सोसायटी के नाम पर लोगों से फ्लैट देने का वादा कर करोड़ों रुपये जुटाए गए, लेकिन न तो फ्लैट दिए गए और न ही लोगों की रकम वापस की गई।
महिला से लिए थे 37.50 लाख रुपये: मामले की शुरुआत वर्ष 2017 में दर्ज एक शिकायत से हुई थी। शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाया था कि वर्ष 2008 से 2013 के बीच उसे सोसायटी में फ्लैट दिलाने का भरोसा देकर करीब 37.50 लाख रुपये जमा करवाए गए। बाद में परियोजना का निर्माण कार्य बंद हो गया और वर्षों बीतने के बावजूद उसे फ्लैट का कब्जा नहीं मिला।
मुख्य आरोपी का बेटा निकला गिरफ्तार आरोपी: जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी अनुभव, इस मामले के मुख्य आरोपी ईशपाल भारद्वाज का बेटा है। पुलिस का कहना है कि उसने अपने पिता और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर लोगों से फ्लैट आवंटन के नाम पर पैसे लिए और बाद में रकम का गबन कर लिया।
जांच के दौरान यह भी पता चला कि आरोपी ने सोसायटी का अधिकृत प्रतिनिधि न होने के बावजूद फर्जी तरीके से एमओयू (MOU) साइन किए और सोसायटी के नाम पर बैंक खाता खुलवाने में भूमिका निभाई। इसी खाते में फ्लैट बुकिंग के नाम पर करोड़ों रुपये जमा करवाए गए थे।
94 फ्लैट, लेकिन 242 लोगों से वसूली: पुलिस जांच में सामने आया कि सोसायटी में केवल 94 फ्लैट उपलब्ध थे, जबकि 242 लोगों से फ्लैट आवंटन के नाम पर रकम वसूली गई। इससे बड़ी संख्या में लोगों के साथ धोखाधड़ी होने की आशंका है।
अब तक 6 आरोपी गिरफ्तार: पुलिस इस मामले में अब तक अनुभव, ईशपाल भारद्वाज, अमित कुमार, प्रदीप कुमार, संदीप और जगबीर समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
फिलहाल आरोपी अनुभव को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ठगी की रकम की बरामदगी, वित्तीय लेन-देन और मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।




