ईएसआईसी निदेशक (प्रभारी) सुनील यादव ने हितधारकों संग बैठक कर की अपील
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 13 सितंबर। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के निदेशक (प्रभारी) सुनील यादव ने गुरुग्राम में उद्योग प्रतिनिधियों, नियोक्ताओं और कर्मचारी संगठनों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि निगम द्वारा शुरू की गई स्प्री-2025 और एमनेस्टी योजना 2025 का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा कामगारों को सामाजिक सुरक्षा कवरेज में शामिल करना और उद्योगों को अनावश्यक मुकदमेबाज़ी से राहत दिलाना है।
सुनील यादव ने कहा कि स्प्री योजना इस साल 31 दिसंबर तक प्रभावी रहेगी। इस अवधि में नियोक्ता अपने उद्योगों और कर्मचारियों का पंजीकरण बिना किसी पुराने बकाये की चिंता के करा सकेंगे। पंजीकरण की सुविधा ईएसआई पोर्टल, श्रम सुविधा पोर्टल और कंपनी मामलों के पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नए पंजीकृत कर्मचारियों को उनकी प्रविष्टि की तिथि से ही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। उन्होंने हितधारकों को आश्वस्त किया कि योजना का मक़सद दंडात्मक कार्रवाई नहीं बल्कि स्वैच्छिक अनुपालन को बढ़ावा देना है। इससे औपचारिक पंजीकरण की प्रक्रिया आसान होगी और नियोक्ताओं व कर्मचारियों के बीच भरोसे का माहौल बनेगा।
बैठक में निदेशक (प्रभारी) ने बताया कि 1 अक्टूबर 2025 से शुरू होकर 30 सितंबर 2026 तक चलने वाली एमनेस्टी योजना 2025 एकमुश्त विवाद निपटान योजना है। इसके अंतर्गत् ब्याज, नुकसान और अन्य विवादों का समाधान किया जाएगा। इससे लंबित मुकदमे कम होंगे और उद्योगों को बड़ी राहत मिलेगी।
बैठक में शामिल औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने इन योजनाओं का स्वागत करते हुए कहा कि इससे न केवल कारोबारी माहौल बेहतर होगा बल्कि कर्मचारियों को स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के लाभ भी समय पर मिल पाएंगे।




