Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 14 सितंबर। हिन्दी भाषा के प्रति छात्रों में रुचि और सम्मान जगाने के उद्देश्य से के.आई.आई.टी. वर्ल्ड स्कूल में 8 से 14 सितंबर तक हिन्दी सप्ताह का भव्य आयोजन किया गया। पूरे सप्ताह विभिन्न कक्षाओं के लिए अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कक्षा 1 और 2 के छात्रों ने कविता वाचन से सभी का मन मोह लिया, वहीं कक्षा 3 और 4 ने हास्य कवि सम्मेलन में अपनी हास्यपूर्ण प्रस्तुतियों से खूब मनोरंजन किया। कक्षा 5 और 6 ने कवि एवं लेखक भूमिका प्रदर्शन में प्रसिद्ध साहित्यकारों के रूप में अपने कौशल को प्रदर्शित किया। कक्षा 7 और 8 के छात्रों ने कबीर, रहीम और तुलसीदास जैसे महान कवियों के दोहे प्रस्तुत कर सबका ध्यान आकर्षित किया। वहीं, कक्षा 9 और 10 ने लघुकथा वाचन प्रतियोगिता के माध्यम से अपनी लेखन क्षमता और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।
सप्ताह भर चले इस आयोजन का समापन एक विशेष समारोह के साथ हुआ। सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की और विजेताओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए।
हिन्दी सप्ताह के इस आयोजन ने न केवल छात्रों में हिन्दी के प्रति जागरूकता और प्रेम उत्पन्न किया, बल्कि उन्हें अपनी मातृभाषा पर गर्व करने का अवसर भी प्रदान किया। विद्यालय प्रशासन ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित होते रहेंगे।




