Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 15 सितंबर। डी.पी.जी डिग्री कॉलेज और डीपीजी लॉ कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को राष्ट्रीय हिंदी दिवस पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विधि महाविद्यालय की निदेशक डॉ. प्रिया शुक्ला ने कार्यक्रम में उपस्थित डी.पी.जी ग्रुप ऑफ कॉलेज के चेयरमैन राजेंद्र गहलोत, वाइस चेयरमैन दीपक गहलोत व सेक्रेटरी नरेंद्र गहलोत का स्वागत किया और राष्ट्रीय हिंदी दिवस के महत्व से सभी को अवगत करवाया।
कार्यक्रम का संचालन बी.ए तृतीय वर्ष की छात्रा आरती ने किया। कार्यक्रम में भाषण प्रतियोगिता, पोस्टर प्रदर्शनी और कविता वाचन आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका डॉ. प्रियंका कुमारी, डॉ. रीना और डॉ. अमिता ने निभाई। डॉ कमलेश ने सभी श्रोताओं को हिंदी की महत्ता से परिचित करवाया।


हिंदी हमारे राष्ट्र भारत के साथ विश्व की सबसे समावेशी व वैज्ञानिक भाषा के रूप में जानी जाती है। हिंदी भाषा से ही भारतीय संस्कृति का विकास किया जा सकता है। डी.पी.जी ग़्रुप ऑफ कालेज के वाइस चेयरमैन दीपक गहलोत ने विद्यार्थियों को बताया कि बदलते परिदृश्य के साथ हिंदी का स्वरूप भी बदला है, हिंदी ने रोजगार के नए अवसरों का सृजन किया है। डी.पी.जी डिग्री कॉलेज के प्रिंसिपल एस. एस. बोकन ने बताया कि भारतीय भाषाओं और बोलियों के मूल में हिंदी है। डी.पी.जी डिग्री कॉलेज के रजिस्ट्रार अशोक गोगिया ने कहा कि डी.पी.जी डिग्री कॉलेज हिंदी के प्रचार प्रसार के लिए भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाता रहेगा। डी.पी .जी डिग्री कॉलेज के कला एवं मानविकी संकाय की विभागाध्यक्ष डॉ रितु ने भी सभी को हिंदी भाषा का महत्व बताते हुए राष्ट्रीय हिन्दी दिवस की बधाई दी व अतिथि का औपचारिक रूप से स्वागत किया।
हिंदी की वैश्विक स्तर पर स्वीकार्यता आज अनिवार्य है। इस विषय पर कोई विवाद हम भारतीयों को स्वीकार्य नहीं है इन्हीं शब्दों के साथ जजों ने अपने वक्तव्य को विराम दिया । डी.पी.जी डिग्री कॉलेज में निम्नलिखित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया इसमें इन विद्यार्थियों ने मारी बाजी…
कविता लेखन प्रतियोगिता में बी.ए .तृतीय वर्ष के छात्र नीतीश झा प्रथम, हैप्पी जुनेजा बी.ए . तृतीय वर्ष के छात्र द्वितीय व नेहा शर्मा बी.जे.एम.सी की छात्रा तृतीय रहीं ।
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान बीए एलएलबी प्रथम वर्ष की छात्रा अर्पिता, द्वितीय स्थान बी.एस.सी जीवन विज्ञान की छात्रा पलक व तृतीय स्थान बी .ए अंतिम वर्ष की छात्रा नताशा ने हासिल किया।
भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर रही सुहानी सक्सेना बी.जे. एम सी द्वितीय वर्ष की छात्रा ने सबको पीछे छोड़ दिया।
हिंदी प्राध्यापिका कमलेश कुमारी ने सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया तथा सभा में उपस्थित सभी जजों का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
राष्ट्रीय हिन्दी दिवस कार्यक्रम में सभी प्राध्यापक व विद्यार्थी मौजूद रहे। जिन्होंने हिंदी के प्रचार प्रसार व इसके बढ़ते प्रभाव को ना केवल समझा बल्कि अपने जीवन में इसे अपनाने का प्रण भी लिया।




