Bilkul Sateek News
नई दिल्ली। होटल इम्पीरियल में आयोजित विशेष समारोह “वी वीमेन शक्ति अवार्ड 2025” में एक बार फिर पूर्व मिस इंडिया वर्ल्ड सायली भगत को “एक्सीलेंस अवार्ड फॉर वीमेन एम्पावरमेंट” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें गजेंद्र सिंह शेखावत केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा रेखा गुप्ता मुख्यमंत्री दिल्ली के कर-कमलों द्वारा प्रदान किया गया।
यह गौरवपूर्ण क्षण सायली भगत की उस अथक मेहनत और समर्पण का परिणाम है, जो उन्होंने पिछले 21 वर्षों में मिस इंडिया वर्ल्ड 2004 का ताज जीतने के बाद महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किया है। उन्हें इससे पूर्व भी महाराष्ट्र और गुजरात सरकार सहित कई प्रतिष्ठित संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।
सायली भगत का विवाह नवनीत प्रताप सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक, स्काईलार्क ग्रुप, दिल्ली से हुआ है। वे मूलतः हरियाणा के जिले रेवाड़ी के जाटूसाना क्षेत्र के गांव कैलाशपुर से संबंध रखती हैं।
इस अवसर पर ग्रामीण उत्थान भारत निर्माण के संयोजक ने कहा कि, “यह सम्मान केवल सायली भगत का नहीं बल्कि पूरे अहिरवाल क्षेत्र की सभी महिलाओं का सम्मान है। उन्होंने हरियाणा का गौरव बढ़ाया है।”

सायली भगत समय-समय पर अहिरवाल क्षेत्र के विद्यालयों और महाविद्यालयों में जाकर छात्रों को प्रेरित करती रही हैं। वे ग्रामीण उत्थान भारत निर्माण की ब्रांड एंबेसडर भी हैं।
यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत जीवन की बड़ी सफलता है, बल्कि उन सभी महिलाओं के लिए प्रेरणा है जो समाज में अपनी पहचान बनाना चाहती हैं।




