द्वारका एक्सप्रेसवे पर कल 12 बार रोका जाएगा ट्रैफिक, घर से निकलने से पहले पढ़ लें एडवाइजरी
गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे पर मंगलवार (24 नवंबर) को सफर करने वाले वाहन चालकों को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। एनपीआर-सीपीआर जंक्शन के पास ओवरब्रिज पर सर्विस और लिंक रोड पर बिजली लाइन से जुड़ा काम किया जाएगा। इसके चलते इस रास्ते से गुजरने वाले ट्रैफिक को कुछ-कुछ देर के लिए रोकना पड़ेगा।

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी के मुताबिक, मंगलवार को 400 केवी डी/सी दौलताबाद-सेक्टर-72 बिजली लाइन के 12 कंडक्टर उतारने का काम किया जाएगा। यह काम एनपीआर-सीपीआर जंक्शन के पास ओवरब्रिज पर सर्विस और लिंक रोड पर होगा।
काम के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक को करीब 5-5 मिनट के लिए रोका जाएगा। इस तरह पूरे काम के दौरान कुल 12 बार वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ेगी। यानी इस रास्ते से गुजरने वाले लोगों को कुछ समय के लिए इंतजार करना पड़ सकता है। खासकर ऑफिस जाने वाले और रोजाना इस रूट का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाकर चलने की सलाह दी गई है।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि मंगलवार को इस रास्ते से निकलने से पहले अतिरिक्त समय लेकर चलें। संभव हो तो वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें, ताकि जाम या रुकावट के कारण उन्हें परेशानी न हो। इसके अलावा मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की भी अपील की गई है।
ऐसे में अगर आप मंगलवार को द्वारका एक्सप्रेसवे या एनपीआर-सीपीआर जंक्शन की तरफ जाने वाले हैं, तो घर से निकलने से पहले इस ट्रैफिक एडवाइजरी को जरूर ध्यान में रखें।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




